How To Remove Ink Stains From Clothes: कपड़ों पर स्याही का दाग लग जाना अक्सर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है. कई बार लोग यह मान लेते हैं कि शर्ट, टी-शर्ट या बैग पर लगा इंक का दाग अब कभी नहीं हटेगा. हालांकि, घरेलू इस्तेमाल की कुछ सामान्य चीजों की मदद से इन जिद्दी दागों को काफी हद तक साफ किया जा सकता है. होम एक्सपर्ट के अनुसार,अगर दाग नया हो तो उसे हटाना ज्यादा आसान होता है, लेकिन पुराने या सूख चुके दागों को भी सही तरीके से साफ किया जा सकता है.
स्याही के दाग हटाने के लिए क्या करें?
स्याही के दाग हटाने के लिए रबिंग अल्कोहल सबसे प्रभावी उपायों में से एक माना जाता है. यह खासतौर पर बॉलपॉइंट पेन की ऑयल-बेस्ड स्याही पर अच्छा असर दिखाता है. इसके लिए दाग वाले हिस्से के नीचे पेपर टॉवल रखें और ड्रॉपर की मदद से थोड़ा रबिंग अल्कोहल लगाएं. कुछ मिनट बाद साफ पेपर टॉवल से दाग को हल्के हाथों से दबाकर साफ करें. यह प्रक्रिया तब तक दोहराई जा सकती है, जब तक कपड़े से स्याही निकलनी बंद न हो जाए. इसके बाद कपड़े को ठंडे पानी से धोकर सामान्य तरीके से वॉश करें.
गहरे दाग हटाने के क्या हैं विकल्प?
अगर दाग ज्यादा गहरा हो तो अमोनिया का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. अमोनिया स्याही के रंगद्रव्यों को तोड़ने में मदद करता है, जिससे दाग को पानी से निकालना आसान हो जाता है. इसके लिए सबसे पहले दाग वाले हिस्से को ठंडे पानी से धो लें. इसके बाद फिर गर्म पानी, ब्लीच-फ्री डिटर्जेंट और थोड़ी मात्रा में अमोनिया मिलाकर घोल तैयार करें. कपड़े को इस घोल में करीब 30 मिनट से एक घंटे तक भिगोकर रखें. जिद्दी दागों के लिए इसे रातभर भी छोड़ा जा सकता है. इसके बाद कपड़े को अच्छी तरह धो लें.
इसे भी पढ़ें- Rice Cooking Tips: खिले-खिले चावल बनाने की एकदम आसान ट्रिक, कुकर में लगाएं बस इतनी सीटी
नेल पॉलिश रिमूवर का भी कर सकते हैं यूज
नेल पॉलिश रिमूवर भी ताजा स्याही के दाग हटाने में मदद कर सकता है. खासतौर पर एसीटोन युक्त नेल पॉलिश रिमूवर स्याही को ढीला करने का काम करता है. इसके लिए एक साफ कपड़े या कॉटन बॉल पर थोड़ा रिमूवर लगाएं और दाग वाले हिस्से पर हल्के-हल्के थपथपाएं. ध्यान रखें कि दाग को रगड़ना नहीं है, क्योंकि इससे स्याही और फैल सकती है. इसके बाद में कपड़े को पानी से धोकर सामान्य तरीके से साफ करें.
इन बातों का रखना चाहिए ध्यान
एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि स्याही का दाग पूरी तरह साफ होने से पहले कपड़ों को ड्रायर में न डालें. गर्मी के कारण दाग स्थायी रूप से कपड़े में जम सकता है. वहीं हेयर स्प्रे, टूथपेस्ट और सिरके जैसे घरेलू उपायों को लेकर कई दावे किए जाते हैं, लेकिन ये हमेशा प्रभावी साबित नहीं होते. रबिंग अल्कोहल का उपयोग करते समय भी सावधानी जरूरी है. आमतौर पर कम मात्रा में इसका इस्तेमाल अधिकांश कपड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाता.
इसे भी पढ़ें: Summer Superfood Sattu: पीएम मोदी ने भीषण गर्मी से बचने के लिए सत्तू को बताया रामबाण, शेफ कुणाल कपूर ने बताई रेसिपी