- भारत में पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा, महंगाई घटेगी.
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें और भी कम हो सकती हैं. अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) का अनुमान है कि साल 2027 की चौथी तिमाही तक वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें घटकर औसतन 77 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकती हैं. हालांकि, EIA ने चेतावनी दी है कि शिपिंग मार्गों में लगातार रुकावटें आने से कीमतों में कोई स्थिरता नहीं रहेगी.
EIA ने नवंबर 2026 के अपने ‘शॉर्ट-टर्म एनर्जी आउटलुक’ में अनुमान जताया है कि इस साल नवंबर और दिसंबर में ब्रेंट क्रूड की कीमतें लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल बनी रहेंगी. इसके बाद, 2027 की दूसरी तिमाही में, जैसे-जैसे मिडिल ईस्ट में तेल के प्रोडक्शन में सुधार आएगा, कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ सकती हैं. EIA ने कहा, “जैसे-जैसे अगले साल वैश्विक तेल भंडार (इन्वेंट्री) फिर से बढ़ेंगे, हमारा अनुमान है कि 2027 की चौथी तिमाही तक ब्रेंट स्पॉट की कीमत धीरे-धीरे गिरकर औसतन 77 डॉलर प्रति बैरल पर आ जाएगी.”
ईरान पर बना रहेगा दबाव
एजेंसी का मानना है कि ईरान को छोड़कर मध्य पूर्व के अधिकांश देशों में कच्चे तेल का उत्पादन 2027 के मध्य (दूसरी तिमाही के अंत) तक संघर्ष-पूर्व औसत स्तर पर वापस आ जाएगा. हालांकि, ईरानी निर्यात पर दबाव बना रहने की संभावना है.
वहीं, 2026 की तीसरी तिमाही में घटे वैश्विक तेल भंडार में 2027 की पहली छमाही के दौरान प्रतिदिन 35 लाख बैरल की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. इसके साथ ही, अमेरिका का कच्चा तेल उत्पादन 2026 के 1.39 करोड़ बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 2027 में 1.43 करोड़ बैरल प्रतिदिन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाएगा. हालांकि, होर्मुज (Strait of Hormuz) और वैकल्पिक समुद्री मार्गों से होने वाली तेल आपूर्ति में व्यवधान का जोखिम बना रहेगा, जिससे अल्पकालिक कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है.
EIA का यह अनुमान ऐसे समय में आया है जब अक्टूबर में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 124 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, जो जुलाई 2022 के बाद का उच्चतम स्तर है. ऐसा वैश्विक तेल भंडार में कमी, तेल टैंकरों पर हमलों और सीमित शिपिंग क्षमता के कारण आपूर्ति तंग होने की वजह से हुआ था. इसके बाद, 4 नवंबर को कीमतें गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं.
आज कितनी है क्रूड ऑयल की कीमत?
आज बुधवार, 11 नवंबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल लगभग 92.00 से 92.53 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी WTI क्रूड लगभग 86.14 से 86.64 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है. पिछले कारोबारी सत्र में गिरावट के बाद आज कच्चे तेल की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई है. भारतीय मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर नवंबर अनुबंध के लिए कच्चे तेल का भाव लगभग 8,094 से 8,555 प्रति बैरल पर बना हुआ है.
क्रूड सस्ता होने का भारत पर असर?
भारत अपनी कुल तेल जरूरतों का लगभग 85% से अधिक हिस्सा आयात करता है. अगर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर से गिरकर 77 डॉलर प्रति बैरल पर आ जाएगी, तो देश में पेट्रोल-डीजल के सस्ता होने की उम्मीद कई गुना बढ़ जाती है.
फ्यूल सस्ता होने से माल ढुलाई पर खर्च पहले के मुकाबले कम बैठेगा. इससे फल, सब्जियां, अनाज और रोजमर्रा के अन्य सामान सस्ते होंगे, जिससे खुदरा महंगाई (CPI) काबू में रहेगी.
कच्चे तेल या इसके बाय-प्रोडक्ट्स पर निर्भर रहने वाले उद्योगों जैसे कि एविएशन, पेंट, टायर, लॉजिस्टिक्स और केमिकल की भी उत्पादन लागत तेल की कीमतें गिरने से कम होंगी और इनका मुनाफा बढ़ेगा.
ये भी पढ़ें:
8वें वेतन आयोग में Maruti 800 नहीं, SUV खरीदेंगे सरकारी कर्मचारी