बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर शान ने अपने करियर में कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज दी है. वो अक्सर किसी न किसी कारण चर्चा में रहते हैं. अब शान अपने एक इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. शान ने हाल ही में खुलासा किया कि एक दिन मुंबई के पेट्रोल पंप में स्कूल की लड़कियों ने उन्हें शाहरुख खान समझ लिया था. उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक मजेदार किस्सा शेयर किया. चलिए जानते हैं सिंगर ने क्या कहा.
‘कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी मची रही’
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए इंटरव्यू में शान ने खुलासा किया कि मुंबई के एक पेट्रोल पंप में स्कूल की लड़कियों ने उन्हें बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान समझ लिया था. उन्होंने कहा, ‘मैंने नई गाड़ी खरीदी थी. मेरी मारुति 800 और मैं पेट्रोल भरने के लिए एक पेट्रोल पंप पर रुका था. मैं बाहर खड़ा था. तभी अचानक स्कूल की लड़कियों से भरी एक बस आई और उन्होंने मुझे घेर लिया. कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी मची रही, फिर सभी वापस बस में चली गईं.’
यह भी पढ़ें: साउथ के आगे बॉलीवुड पस्त, अकेली ‘पेद्दी’ 4 हिंदी फिल्मों पर पड़ी भारी
‘ये थोड़ी देर के लिए था, लेकिन अच्छा था’
उन्होंने आगे कहा, ‘बाद में पता चला कि लड़कियों ने मुझे शाहरुख खान समझ लिया था. वो मुंबई की नहीं थीं, इसलिए उन्हें नहीं पता था कि इतने बड़े सुपरस्टार पेट्रोल पंप पर अपनी कार में पेट्रोल भरवाने नहीं जाते. उन्हें लगा कि मैं सुपरस्टार हूं. तब तक मैं खुद हैरान था कि आखिर ये सब क्या हो रहा है. ये क्या पागलपन है? ये थोड़ी देर के लिए था, लेकिन अच्छा था.’
शान ने शाहरुख खान के लिए गाए ये गाने
दिलचस्प बात ये है कि शान ने शाहरुख खान के लिए कई हिट गानों में अपनी आवाज दी है. इस लिस्ट में ‘मैं हूं डॉन’, ‘कुछ तो हुआ है’, ‘दास्तान-ए-ओम शांति ओम’, ‘दीवानगी दीवानगी’ और ‘आंखें खुली’ जैसे गाने शामिल हैं. बता दें कि 90 के दशक के आखिर से लेकर 2000 की शुरुआत तक शान की आवाज युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रिय हो गई थी. ‘तन्हा दिल’, ‘चांद सिफारिश’, ‘मैं हूं डॉन’, ‘जब से तेरे नैना’ और ‘बहती हवा सा था वो’ जैसे हिट गानों ने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम बना दिया.
यह भी पढ़ें: ओटीटी से थिएटर तक, आईं 11 फिल्में और सीरीज, जानें क्या देखें और क्या छोड़ें