महंगाई का डबल अटैक! खाने-पीने की चीजें महंगी, दिसंबर में बढ़ सकती है EMI

49a96f858a2d028d3d23c7415c80858617945056839101346 original


महीने का राशन खरीदने जाएं, सब्जियों का बिल देखें या घर का खर्च जोड़ें – जेब पर बोझ बढ़ता जा रहा है. अब सरकारी आंकड़ों में भी इसकी तस्वीर सामने आ गई है. अक्टूबर में देश में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 फीसदी हो गई यानी महंगाई ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तय 6 फीसदी की ऊपरी सीमा को भी पार कर लिया है.

सितंबर में महंगाई 5.54 फीसदी थी. मतलब एक महीने में ही महंगाई और बढ़ गई. खास बात यह है कि अर्थशास्त्रियों ने भी इतना ज्यादा बढ़ने का अनुमान नहीं लगाया था.

सब्जियों ने बिगाड़ा घर का बजट
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों के दाम हैं. अक्टूबर में खाने-पीने की चीजों की महंगाई 8.94 फीसदी पर पहुंच गई जबकि सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी. प्याज, लहसुन और अदरक जैसी रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें महंगी हुई हैं. इनका असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ता है.

दरअसल सरकार जब महंगाई का हिसाब लगाती है तो उसमें खाने-पीने की चीजों का हिस्सा करीब 40 फीसदी होता है. इसलिए सब्जियों और राशन के दाम बढ़ते हैं तो महंगाई का पूरा आंकड़ा भी बढ़ जाता है.

अब सफर और दूसरी चीजों पर भी ज्यादा खर्च
महंगाई सिर्फ रसोई तक नहीं रुकी है. आने-जाने का खर्च भी बढ़ा है.ट्रांसपोर्ट से जुड़ी महंगाई सितंबर में 5.01 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 5.84 फीसदी हो गई. इसके अलावा कपड़े, मकान और बाहर खाना खाने का खर्च भी बढ़ा है. यानी अब महंगाई का असर घर के कई तरह के खर्चों पर दिखने लगा है.

RBI की चिंता क्यों बढ़ी?
RBI का काम देश में महंगाई को काबू में रखना भी है. इसके लिए उसने महंगाई का लक्ष्य 4 फीसदी रखा है. हालांकि इसमें 2 फीसदी तक की छूट है. यानी महंगाई 6 फीसदी तक रह सकती है लेकिन अक्टूबर में महंगाई 6.09 फीसदी पहुंच गई. 

मतलब यह RBI की तय ऊपरी सीमा से भी बाहर निकल गई है. पिछले पांच महीनों से महंगाई 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है. ऐसे में RBI के सामने इसे काबू करने की चुनौती बढ़ गई है.

क्या दिसंबर में बढ़ेगी आपकी EMI?
महंगाई बढ़ने का असर आपके होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज पर भी पड़ सकता है. इसे आसान भाषा में समझिए. RBI जब रेपो रेट बढ़ाता है तो बैंकों के लिए कर्ज लेना महंगा हो जाता है. इसका असर बैंक ग्राहकों को दिए जाने वाले लोन पर भी डाल सकते हैं.इससे नए लोन महंगे हो सकते हैं और कुछ लोगों की EMI भी बढ़ सकती है.

अर्थशास्त्रियों को उम्मीद है कि दिसंबर में RBI एक बार फिर ब्याज दर 0.25 फीसदी बढ़ा सकता है. फिलहाल रेपो रेट 5.50 फीसदी है.

आगे भी महंगाई से राहत मुश्किल?
RBI ने अक्टूबर से दिसंबर के बीच महंगाई औसतन 6 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है. पूरे वित्त वर्ष के लिए भी महंगाई का अनुमान 5 फीसदी से बढ़ाकर 5.2 फीसदी कर दिया है. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कमजोर मानसून और अल नीनो को लेकर चिंता जताई है. इसका असर खेती और गांवों में लोगों की कमाई पर पड़ सकता है. अगर फसलों पर असर पड़ता है तो आने वाले समय में खाने-पीने की चीजों के दाम और बढ़ सकते हैं.

कच्चे तेल की कीमतों से थोड़ी राहत
हालांकि एक राहत की बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 92 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई है.अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से तेल की कीमतों को कुछ राहत मिली है लेकिन होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता अभी बनी हुई है.

कुल मिलाकर अक्टूबर के आंकड़े बता रहे हैं कि आम आदमी के घर का बजट फिलहाल दबाव में है. अब देखना होगा कि दिसंबर में RBI ब्याज दर बढ़ाता है या महंगाई से राहत मिलने का इंतजार करता है.

ये भी पढ़ें: कई राज्यों में DA हाईक के बाद कैसे मिलेगा बकाया पैसा? जानिए पूरा प्रोसेस



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *