बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और डायरेक्टर टीनू आनंद को हाल ही में एक चोट लग गई थी. इस चोट में अभिनेता की पांच पसलियां टूट गई थी और इसके कारण उनके फेफड़े में भी चोट आई थी. अभिनेता को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उनका इलाज चला और वो इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रहे. अब एक्टर को डिस्चार्ज कर दिया गया है. लेकिन, उन्हें डॉक्टर्स ने फिलहाल पूरी तरह से बेड रेस्ट की सलाह दी है.
टीनू आनंद को मिली अस्पताल से छुट्टी
टीनू आनंद की जो पांच पसलियां टूटी थीं उनमें से एक ने उनके फेफड़े को भी चोट पहुंचाई थी. जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई थी. हालांकि अस्पताल में इलाज के बाद अब एक्टर खतरे से बाहर हैं. लेकिन उनका चलना-फिरना और उठना-बैठना काफी मुश्किल है. एक्टर अब अपने घर पहुंच चुके हैं और उनका घर पर ही इलाज जारी है.
घर पर चल रही फिजियोथेरेपी
डॉक्टर्स ने टीनू आनंद को सख्त हिदायत दी है कि उन्हें कुछ दिन पूरी तरह से बेड रेस्ट पर रहना होगा. फिलहाल अभिनेता की रिकवरी के लिए उनके घर पर ही फिजियोथेरेपी चल रही है. एक रिपोर्ट के मुताबिक अभिनेता को न सिर्फ चलने-फिरने और उठने-बैठने में बल्कि बोलने में भी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रोड्यूसर्स ने काम पूरा करने के लिए किया टीनू से संपर्क
रिपोर्ट में दिए गए सूत्रों की माने तो कुछ फिल्म प्रोड्यूसर्स ने टीनू आनंद से कॉन्टैक्ट किया और उनसे डबिंग के अधूरे काम को लेकर बात की. हालांकि अभी टीनू आनंद इस हालत में नहीं है कि वो अपने प्रोजेक्ट को पूरा कर सके.
टीनू आनंद के बारे में
81 वर्षीय टीनू आनंद ने ‘पुष्पक’, ‘नायकन’, ‘खिलाड़ी’, ‘लागा चुनरी में दाग’, ‘गजनी’, ‘दामिनी’, ‘राम जाने’, ‘त्रिमूर्ति’, ‘सीता रामम’, ‘सालार पार्ट 1’, ‘दबंग’ और ‘दे दना दन’ सहित कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. पिछली बार वो राम चरण और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘पेद्दी’ में नजर आए थे. टीनू ने ‘कालिया’, ‘शहंशाह’, ‘मेजर साब’, ‘जीना तेरी गली में’, ‘दुनिया मेरी जेब में’, ‘एक हिंदुस्तानी’ और ‘मैं आजाद हूं’ जैसी फिल्मों का डायरेक्शन भी किया.