IPL 2026 World Record: भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे दुनिया का कोई बल्लेबाज अब तक नहीं कर पाया था. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे इस युवा बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. उन्होंने सिर्फ 29 पारियों और 514 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए. सबसे खास बात यह रही कि इस रिकॉर्ड को बनाते समय उनकी उम्र केवल 15 साल और 43 दिन थी.
पोलार्ड का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
इससे पहले टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड के नाम था. पोलार्ड ने 843 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी. लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने उनके रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया और केवल 514 गेंदों में ही छक्कों का शतक पूरा कर लिया. वैभव इससे पहले आईपीएल में सबसे तेज 50 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं. इस सीजन उनकी बल्लेबाजी ने बड़े-बड़े गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. चाहे तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, वैभव हर किसी पर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 में भुवनेश्वर कुमार का तूफान, 19 साल में फिर दोहराया इतिहास; बना डाला महारिकॉर्ड
IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार आग उगल रहा है. उन्होंने अब तक 10 पारियों में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की रेस में भी शामिल हैं. इसके अलावा वह इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 से बाहर लखनऊ, कप्तान ऋषभ पंत ने किसे ठहराया CSK से हार का जिम्मेदार?
राजस्थान रॉयल्स की टीम इस समय टॉप-4 में बनी हुई है और इसमें वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही है. क्रिकेट विशेषज्ञ अब उन्हें भविष्य का बड़ा स्टार मानने लगे हैं. कई पूर्व खिलाड़ी तो उन्हें टेस्ट क्रिकेट में मौका देने की भी मांग कर रहे हैं.
पावरप्ले में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने सिर्फ 11 पारियों में 30 छक्के जड़ दिए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2024 में 29 छक्के लगाए थे.