दुनिया के सामने हुई PSL की फजीहत, बीच मैच में जर्सी का रंग निकला, सफेद बॉल बनी गुलाबी


पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से हुई, लेकिन टूर्नामेंट के पहले ही मैच में एक अजीब और चौंकाने वाली घटना ने लीग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सफेद क्रिकेट गेंद अचानक गुलाबी नजर आने लगी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस लीग का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है.

सफेद से गुलाबी हो गई गेंद

यह मुकाबला लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समैन के बीच खेला गया था. मैच के दौरान खिलाड़ियों द्वारा गेंद को चमकाने के लिए जर्सी और तौलिये का इस्तेमाल किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि हैदराबाद टीम की जर्सी का रंग घटिया क्वालिटी का था, जो गेंद पर लग गया और सफेद गेंद धीरे-धीरे गुलाबी दिखने लगी.  गेंद का रंग इतना बदल गया कि अंपायरों को मजबूर होकर पहली पारी के करीब 15 ओवर के बाद गेंद बदलनी पड़ी. 

सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

इस घटना के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर पीएसएस का जमकर मजाक उड़ाया. कुछ यूजर्स ने इसे “पिंक बॉल टी20” तक कह दिया, तो कुछ ने लीग की तैयारियों और गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए. कई लोगों ने कहा कि इस तरह की गलती प्रोफेशनल लीग में नहीं होनी चाहिए.

मैच का हाल भी रहा एकतरफा

मैच की बात करें तो लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199 रन बनाए थे. टीम के स्टार बल्लेबाज फखर जमान ने 53 रन की अहम पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जवाब में हैदराबाद किंग्समैन की टीम 130 रन पर ही सिमट गई और 69 रन से मैच हार गई.

नई टीम पर उठे सवाल

हैदराबाद किंग्समैन इस सीजन की नई टीमों में से एक है, लेकिन अपने पहले ही मैच में इस तरह की गलती ने उनकी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जर्सी की खराब गुणवत्ता को लेकर भी काफी आलोचना हो रही है. PSL 2026 की शुरुआत के साथ ही इस तरह की घटना ने लीग की साख को नुकसान पहुंचाया है. अब देखना होगा कि आयोजक आगे इस तरह की गलतियों से कैसे बचते हैं और टूर्नामेंट को बेहतर तरीके से संचालित करते हैं. 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *