सबसे पहला और जरूरी तरीका है रोटी को गरम रहते हुए ही एक साफ सूती कपड़े में लपेटना. जैसे ही रोटी तवे से उतरे, उसे तुरंत एक मोटे सूती कपड़े में रखें और ऊपर से अच्छी तरह ढक दें. कपड़ा रोटी की भाप को अंदर ही रोक लेता है, जिससे रोटी में नमी बनी रहती है और वह देर तक मुलायम रहती है. इसके अलावा रोटी बनाते समय हल्का सा घी या मक्खन लगाना भी फायदेमंद होता है. घी न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि रोटी की सतह पर एक हल्की परत बना देता है, जिससे नमी बाहर नहीं निकल पाती. जिन लोगों को घी पसंद नहीं है, वे हल्का पानी का हाथ भी रोटी पर लगा सकते हैं, इससे भी रोटी नरम बनी रहती है.
यह भी पढ़ेंः Mosquito Control Tips: बारिश में घर में बढ़ रहे हैं मच्छर-मक्खी, तुरंत अपनाएं ये उपाय
हॉट केस और फॉयल से रोटी को घंटों गरम रखें
दूसरा तरीका है रोटी को हॉट केस या कैसरोल में रखना. बाजार में मिलने वाले हॉट केस अंदर की गर्मी और भाप को लंबे समय तक बनाए रखते हैं, जिससे रोटी घंटों तक गरम और मुलायम बनी रहती है. रोटी को कपड़े में लपेटकर सीधे हॉट केस में रखें, इससे दोहरी सुरक्षा मिलती है. अगर टिफिन में रोटी पैक करनी है, तो उसे एल्युमिनियम फॉयल में लपेटें, इससे भाप अंदर ही बनी रहती है और रोटी शाम तक भी नरम रहती है. एक बात का खास ध्यान रखें कि रोटियों को एक-दूसरे के ऊपर सीधे न रखें, बल्कि हर रोटी के बीच पतला कपड़ा या फॉयल रखें ताकि हवा अंदर न जा सके और नमी बराबर बनी रहे. साथ ही रोटी को कभी भी खुली हवा या पंखे के नीचे न रखें, क्योंकि हवा लगने से रोटी बहुत जल्दी सूख जाती है.
तीसरी और आखिरी जरूरी बात यह है कि रोटी को कभी भी फ्रिज में सीधे बिना ढके न रखें, क्योंकि फ्रिज की ठंडी और सूखी हवा रोटी से नमी खींच लेती है और वह जल्दी सख्त हो जाती है. अगर रोटी को कुछ घंटों बाद ही खाना है तो उसे कमरे के तापमान पर हॉट केस या कपड़े में ही रखें वहीं अगर बाद में खानी है तो एयरटाइट डिब्बे में कपड़े के साथ रखकर फ्रिज में रख सकते हैं और खाने से पहले हल्का गरम कर लें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से रोटी घंटों तक ताजा, नरम और स्वादिष्ट बनी रहती है और खाने का असली मजा भी बना रहता है.
यह भी पढ़ेंः Fridge Storage Tips: भूलकर भी फ्रिज में न रखें ये 10 चीजें, स्वाद और सेहत पर पड़ेगा असर