डायबिटीज आज के समय में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है. इस बीमारी में शरीर में ब्लड शुगर यानी खून में शुगर का स्तर बढ़ जाता है. ऐसा तब होता है, जब शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता या इंसुलिन अपना काम ठीक से नहीं कर पाता. अब IIT कानपुर के शोधकर्ताओं ने अपनी नई स्टडी में इस बीमारी से जुड़ी एक और अहम बात सामने रखी है. हमारे शरीर में मौजूद कुछ ऐसी कोशिकाएं, जो हमें बीमारियों और संक्रमण से बचाती हैं.
शरीर की ये कोशिकाएं इंसुलिन बनने में डालती हैं रुकावट
हमारे शरीर में पैंक्रियाज यानी अग्न्याशय नाम का एक अंग होता है. यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है. इसी अंग में मौजूद बीटा सेल्स इंसुलिन बनाती हैं. इंसुलिन एक हार्मोन है, जो खून में मौजूद शुगर को शरीर की दूसरी कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है. IIT कानपुर की रिसर्च में मैक्रोफेज नाम की इम्यून सेल्स की भूमिका सामने आई है. ये कोशिकाएं शरीर को संक्रमण और बीमारियों से बचाने का काम करती हैं. लेकिन शोध में पता चला कि ये बीटा सेल्स के काम को प्रभावित करती हैं. इनके कारण बीटा सेल्स इंसुलिन छोड़ने की प्रक्रिया को धीमा करती हैं. इससे शरीर में शुगर का स्तर बिगड़ने का खतरा बढ़ता है.
खास तरह के फैट भी निभाते हैं अहम भूमिका
शोधकर्ताओं ने पाया कि मैक्रोफेज सेल्स शरीर में कुछ खास तरह के फैट छोड़ती हैं. इन्हें स्फिंगोलिपिड्स कहा जाता है. ये फैट बीटा सेल्स तक पहुंचकर उन्हें इंसुलिन रिलीज करने से रोकने वाले संकेत देते हैं. इसके अलावा रिसर्च में GPR18 नाम के एक रिसेप्टर की भूमिका भी सामने आई है. आसान भाषा में समझें तो शरीर की एक तरह की कोशिकाओं से निकलने वाले ये फैट दूसरी कोशिकाओं के काम पर असर डालते हैं. शोध के दौरान जब वैज्ञानिकों ने इस प्रक्रिया को रोकने की कोशिश की, तो इंसुलिन रिलीज होने में सुधार देखा गया. इससे वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिली कि शरीर में मौजूद अलग-अलग कोशिकाएं एक-दूसरे के काम को कैसे प्रभावित करती हैं.
क्या इस रिसर्च से डायबिटीज के इलाज में मिलेगी मदद?
इस रिसर्च में वैज्ञानिकों ने इंसानी पैंक्रियाज के टिश्यू पर भी अध्ययन किया. वहां भी इस प्रक्रिया से जुड़े संकेत देखने को मिले. इसका मतलब यह नहीं है कि डायबिटीज का इलाज खोज लिया गया है. अभी इस पर और रिसर्च करने की जरूरत है. वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि इस प्रक्रिया को रोककर इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को बेहतर तरीके से काम करने में कैसे मदद दी जा सकती है.
यह भी पढ़ें : Weight Loss Drugs: आंखें खराब कर रहीं वजन घटाने की दवाएं, जानें ये कितनी खतरनाक?
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator