बे ओवल में खेले गए चौथे वनडे में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने शानदार गेंदबाजी की, उन्होंने कुल 6 विकेट चटकाए. उनके स्पेल की सबसे खास बात रही कि उन्होंने पहले ही ओवर में 3 बल्लेबाजों को आउट कर दिया था, जिससे टीम इंडिया पर दबाव बन गया. इसमें विराट कोहली का विकेट भी शामिल था, जो विकेट वाली गेंद को बिल्कुल भी पढ़ नहीं पाए. गेंद टप्पा खाकर अंदर आई और सीधा स्टंप को उड़ा दिया.
विराट कोहली विकेट के बाद पूरी तरह हैरान थे, जो उनके रिएक्शन से पता चल रहा था. इससे पहले उन्होंने रोहित शर्मा को स्लिप में कैच आउट कराया. कोहली को पांचवीं गेंद पर आउट करने के बाद अंतिम गेंद पर श्रेयस अय्यर को एलबीडबल्यू आउट किया, जो इस मैच में कप्तानी कर रहे थे.
मैच के बाद कोहली ने दिया गिफ्ट
चौथे वनडे में न्यूजीलैंड की जीत के बाद विराट कोहली न्यूजीलैंड के ड्रेसिंग रूम में गए. न्यूजीलैंड ने अपने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो शेयर किया. कोहली ने मैट हेनरी को अपने ऑटोग्राफ वाली जर्सी गिफ्ट दी और उनकी गेंदबाजी की तारीफ भी की.
मैट हेनरी को मिला POTM अवार्ड
चौथे वनडे में मैट हेनरी को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला, जिन्होंने 9.4 ओवरों में 27 रन देकर 6 विकेट लिए. उनकी घातक गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम 89 रनों पर ऑल आउट हो गई. न्यूजीलैंड 244 रनों के बड़े अंतर से जीत गई, जो भारत की रनों के आधार पर वनडे में दूसरी सबसे बड़ी हार है. अब भारत सीरीज में 2-1 से आगे है. न्यूजीलैंड सीरीज जीत नहीं सकती, लेकिन अंतिम मैच जीतकर ड्रा पर खत्म कर सकती है.
यह भी पढ़ें- बल्लेबाजों पर भड़के गौतम गंभीर, 89 रन पर ऑल आउट होने के बाद दिया ये बयान