IPL 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. BCCI ने प्लेऑफ के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. अपने बयान में बोर्ड ने बताया कि फाइनल के वेन्यू के लिए पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को चुना गया था, लेकिन क्यों उन्होंने इसे अहमदाबाद में शिफ्ट किया.
इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है, हर एक मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से महत्वपूर्ण है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम गुजरात टाइटंस का होम ग्राउंड है, यहां पिछले 4 सालों में 3 फाइनल खेले जा चुके हैं और अब इस सीजन इस वेन्यू पर चौथा फाइनल होगा. शेड्यूल के ऐलान के साथ BCCI ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने फाइनल की मेजबानी के लिए बेंगलुरु को चुना था, लेकिन कुछ गैरजरुरी मांगों के चलते उन्हें वेन्यू बदलना पड़ा.
RCB से क्यों छीनी गई मेजबानी? BCCI ने क्या बताया
बोर्ड ने कहा, “फाइनल की मेजबानी के लिए बेंगलुरु को चुना गया था. हालांकि, स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ ऐसी जरूरतों के चलते, जो BCCI के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, इस वेन्यू को बदल दिया गया है और दूसरी जगह तय की गई है.”
यह भी पढ़ें- मैदान पर वापसी के लिए बेताब थे रोहित, लेकिन कोच ने क्यों किया खेलने से मना? जानें ड्रेसिंग रूम का सच
कुछ रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि टिकटों की बिक्री और मांग को लेकर चल रहे विवाद के कारण RCB के घरेलू मैदान से फाइनल की मेजबानी छीनी गई. बता दें कि सीजन शुरू होने से पहले कहा गया था कि MLA जनप्रतिनिधि होते हैं और उन्हें कम से कम 5 टिकट मिलने चाहिए, वो टिकट के लिए लाइन में क्यों लगे? कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के शिवकुमार ने भी कहा था कि RCB के मैचों के लिए MLA और MP को 3-3 टिकट दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 में सबसे ज्यादा SIX लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, देखें लिस्ट में कहां है वैभव सूर्यवंशी
हालांकि BCCI ने साफतौर पर टिकेटों की मांग को लेकर कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने अपने बयान में ये बताया कि स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ ऐसी जरूरतें थी, जो BCCI के दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं. इस वजह से IPL 2026 फाइनल के वेन्यू को बदल दिया गया.
IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल
क्वालीफायर-1 धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 26 मई को होगा. एलिमिनेटर मैच 27 मई को न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में होगा. न्यू चंडीगढ़ में ही 29 मई को क्वालीफायर-2 होगा. फाइनल 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.