टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले एक्टर नीतीश भारद्वाज ने फिल्म ‘रामायण’ में हिंदू धार्मिक कहानियों को दिखाए जाने के तरीके पर नाराजगी जाहिर की. उनका कहना है कि फिल्म की कहानी हिंदू देवी-देवताओं को कमजोर करती है.
एक्टर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के लिए लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने रावण के किरदार और भगवान राम के अवतार के कॉन्सेप्ट पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि फिल्म में रावण को एक लिबरल, कम्युनिस्ट या सोशलिस्ट लीडर के तौर पर दिखाया गया है.
रावण के किरदार पर उठाए सवाल
एक्टर ने लिखा, ‘रावण रंभा और वेदवती जैसी स्वर्ग की अप्सराओं का भी मॉलेस्टर था. किसी महिला दासी के साथ अच्छे से पेश आने की बात, तो छोड़ ही दीजिए. रंभा, जिसके साथ रावण ने बुरा किया था, वह उसकी बहू जैसी थी. उसके पति नल-कुबेर ने रावण को श्राप दिया था कि अगर उसने फिर कभी किसी महिला के साथ बुरा किया, तो उसका सिर टुकड़े-टुकड़े हो जाएगा. यह उसकी अच्छाई नहीं, बल्कि श्राप था. इसलिए, ये फिल्म रावण को ‘लिबरेटर’ के रूप में दिखाकर गलत नैरेटिव फैला रही है.’
नीतीश भारद्वाज ने आगे लिखा, ‘रावण को लिबरल, कम्युनिस्ट/सोशलिस्ट लीडर के तौर पर दिखाकर, फिल्म महाविष्णु के अवतार राम की जरूरत को ही खत्म कर देती है. यह हमारे दर्शकों को सोचने की जरूरत है. एक फिल्म सिर्फ शानदार विजुअल्स और परफॉर्मेंस के बारे में नहीं होती, बल्कि गलत नैरेटिव को भी गलत साबित किया जाना चाहिए. खासकर तब, जब हमारे हिंदू देवी-देवताओं को कमजोर किया जा रहा हो और खलनायकी को गलत तरीके से शुद्ध किया जा रहा हो. अगर ये किसी और धर्म के साथ किया गया होता, तो इसे ‘ब्लासफेमी’ कहा जाता.’
शीबा चड्ढा की एक्टिंग की तारीफ
नीतीश भारद्वाज ने आखिर में बताया कि उन्हें फिल्म में अच्छा क्या लगा. उन्होंने मंथरा के किरदार में शीबा चड्ढा की एक्टिंग और फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन की तारीफ की. नीतीश भारद्वाज के ये कमेंट्स भारतीय टेलीविजन पर धार्मिक किरदारों के साथ उनके लंबे जुड़ाव की वजह से आए हैं. बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का उनका किरदार आज भी उनके सबसे पहचाने जाने वाले परफॉर्मेंस में से एक है, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया था. इसके बाद उन्होंने भगवान विष्णु और भगवान राम समेत कई धार्मिक किरदार निभाए हैं.