Bangladesh Hike Jet Fuel Price: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट ने दुनियाभर में हाहाकार मचा दिया है. एक ओर जहां भारत में प्रीमियम पेट्रोल और औद्योगिक ईंधन (डीजल) की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है और एलपीजी की किल्लत से कई उद्योग प्रभावित हो रहे हैं, वहीं पड़ोसी देश बांग्लादेश की स्थिति और भी खराब हो गई है. ऊर्जा संकट के चलते वहां हवाई यात्रा महंगी होने जा रही है, क्योंकि जेट ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है.
बांग्लादेश में हाहाकार
बांग्लादेश एनर्जी रेगुलेटरी कमीशन (BERC) ने मंगलवार को जेट ईंधन की कीमतों में करीब 80 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. यह एक महीने के भीतर दूसरी बार की गई वृद्धि है. इसके बाद घरेलू हवाई ईंधन का दाम 112.41 टका से बढ़कर 202.29 टका हो गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इसकी कीमत 0.7384 डॉलर से बढ़ाकर 1.3216 डॉलर प्रति लीटर कर दी गई है. ईरान से जुड़े युद्ध की शुरुआत के बाद से बांग्लादेश में हवाई ईंधन की कीमतों में अब तक 100 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है.
इसका सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ने की संभावना है, जिससे खासकर उन लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं जो मिडिल ईस्ट में काम करने वाले प्रवासी हैं और जिनकी निर्भरता हवाई यात्रा पर अधिक है.
मित्र देशों के लिए खुला स्ट्रैट ऑफ हॉर्मूज
वहीं, दूसरी ओर श्रीलंका में ईरान के राजदूत अलीरेज़ा दिलखुश ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज मित्र देशों के लिए खुला है. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान श्रीलंका जैसे देशों को तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए तैयार है. गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में तनाव के चलते इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर असर पड़ा है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत गुजरता है. ऐसे में इस मार्ग में किसी भी बाधा से पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट गहरा सकता है.
ईरान से जुड़े इस संघर्ष को अब करीब चार हफ्ते हो चुके हैं और यदि यह तनाव और लंबा खिंचता है, तो वैश्विक स्थिति के और अधिक बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है.