बच्चे के जन्म के बाद माता-पिता के लिए उसकी सेहत और साफ-सफाई का ध्यान रखना सबसे अहम जिम्मेदारियों में से एक होता है. खासकर नवजात शिशु की त्वचा को लेकर अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है. कई बार माता-पिता बच्चे को साफ रखने के लिए रोजाना नहलाते हैं या उसकी त्वचा पर तरह-तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जन्म के शुरुआती महीनों में बच्चे की त्वचा बड़ों के मुकाबले काफी अलग होती है?
यह न केवल पतली होती है, बल्कि बाहरी चीजों के प्रति ज्यादा संवेदनशील भी होती है. ऐसे में साबुन, गर्म पानी और खुशबूदार स्किन केयर प्रोडक्ट्स का गलत इस्तेमाल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए नवजात की त्वचा की देखभाल करते समय कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद जरूरी है.
बड़ों के मुकाबले अलग होती है नवजात की त्वचा
नवजात शिशु की त्वचा जन्म के समय पूरी तरह विकसित नहीं होती. उसे बाहरी वातावरण के अनुसार ढलने में कुछ समय लगता है. इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) के अनुसार, नवजात की त्वचा बड़ो के मुकाबले लगभग 40 से 60 गुना तक पतली होती है. इसमें प्राकृतिक नमी बनाए रखने वाले तत्व भी कम होते हैं. त्वचा की सबसे बाहरी परत शरीर को धूल, बैक्टीरिया और बाहरी नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाती है. नवजात में यह सुरक्षा परत अभी विकसित हो रही होती है. यही कारण है कि उनकी त्वचा से नमी जल्दी निकल सकती है और उन्हें रूखेपन, सुजन और जलन जैसी समस्याएं होने का खतरा अधिक रहता है.
बच्चे को नहलाते समय इन बातों का रखें ध्यान
नवजात को साफ रखना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे लंबे समय तक पानी में रखा जाए. ज्यादा देर तक नहलाने या बार-बार गर्म पानी से त्वचा साफ करने पर उसके प्राकृतिक तेल कम हो सकते हैं. बच्चे को नहलाते समय हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना चाहिए. पानी बहुत गर्म नहीं होना चाहिए. नहलाने की प्रक्रिया छोटी रखें और त्वचा को जोर से रगड़ने से बचें. नहाने के बाद मुलायम तौलिए से बच्चे की त्वचा को हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं. विशेष रूप से गर्दन, बगल और जांघों के आसपास की त्वचा की सिलवटों को अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. इन जगहों पर नमी जमा होने से जलन और संक्रमण की संभावना बढ़ सकती है.
यह भी पढ़ें: Bedwetting In Children: रात में बिस्तर गीला करता है बच्चा? डांटने के बजाय समझें 5 कारण
बेबी प्रोडक्ट चुनते समय रखें ध्यान
बाजार में बच्चों के लिए कई तरह के साबुन, बॉडी वॉश और क्लींजर उपलब्ध हैं. हालांकि हर बेबी प्रोडक्ट नवजात की त्वचा के लिए सही हो, यह जरूरी नहीं है. नवजात के लिए ऐसे क्लींजर चुनने चाहिए जो खासतौर पर नवजात की संवेदनशील त्वचा को ध्यान में रखकर बनाए गए हों. बहुत तेज खुशबू वाले और कठोर केमिकल युक्त साबुन से बचना चाहिए. त्वचा का प्राकृतिक पीएच स्तर भी महत्वपूर्ण होता है. लगभग 5.5 पीएच वाले हल्के क्लींजर को चुनना बेहतर होगा.
नहाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना है जरूरी
नवजात की त्वचा से नमी तेजी से कम हो सकती है. ऐसे में नहाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना उसकी त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद करता है. बच्चे को नहलाने के बाद तौलिए से हल्के हाथों से सुखाएं और त्वचा पर उपयुक्त बेबी मॉइस्चराइजर लगाएं. ऐसा प्रोडक्ट चुनें जो नवजात के लिए बनाया गया हो और जिसमें तेज खुशबू जैसे संभावित जलन पैदा करने वाले तत्व न हों.
कपड़ों और रोजमर्रा की आदतों का भी पड़ता है असर
बच्चे की त्वचा की सुरक्षा केवल नहाने और मॉइस्चराइजर लगाने तक सीमित नहीं है. उसके कपड़े और उनकी सफाई का तरीका भी महत्वपूर्ण होता है. नवजात को मुलायम और सूती कपड़े पहनाने चाहिए. ऐसे कपड़े त्वचा पर फ्रिक्शन कम करते हैं और हवा का आवागमन बनाए रखने में मदद करते हैं. बहुत ज्यादा कपड़े पहनाने से बचना चाहिए, क्योंकि पसीने के कारण त्वचा में जलन हो सकती है. बच्चे के कपड़े धोने के लिए हल्के डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें. तेज खुशबू वाले वॉशिंग प्रोडक्ट्स से दूरी रखना बेहतर है. इसके अलावा शुरुआती दिनों में बच्चे की त्वचा पर बहुत सारे नए प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: Identify Hidden Talent in Kids: कैसे पहचानें बच्चे में छिपा कलाकार? इस उम्र में कराएं ट्रेंनिंग