Dhaba Style Chole: ढाबे जैसे छोले घर पर नहीं बनते, ये स्टेप मिस तो नहीं करते आप?

cd2ff55580616528ab5498aae8ccf3be17867737946371437 original


Dhaba Style Chole: घर पर छोले बनाते समय हम मसाले, प्याज, टमाटर और बाकी चीजें तो डाल देते हैं, लेकिन फिर भी उनका स्वाद ढाबे जैसा नहीं आता. छोले का रंग भी हल्का रहता है और उसमें वह खट्टा और हल्का धुएं जैसा स्वाद नहीं मिल पाता. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखें.

छोलों को रातभर यानी कम से कम 8 घंटे पानी में भिगोना चाहिए. कम समय तक भिगोने से छोले अच्छे से नरम नहीं होते. भिगोते समय पानी में थोड़ा नमक और बहुत कम बेकिंग सोडा डाल सकते हैं. इससे छोले जल्दी नरम हो जाते हैं. ढाबे जैसे गहरे रंग के लिए चाय की पोटली काफी काम आती है. छोले उबालते समय थोड़ी चाय पत्ती को कपड़े में बांधकर पानी में डाल सकते हैं. साथ में सूखा आंवला भी डाल सकते हैं. इससे छोलों का रंग गहरा भूरा हो जाता है. छोलों को केवल पानी में उबालने से उनका स्वाद उतना अच्छा नहीं आता. उबालते समय तेजपत्ता, दालचीनी, बड़ी इलायची और थोड़ा नमक डालें. इससे छोले अंदर से भी स्वाद वाले बनते हैं.

यह भी पढ़ें: Moringa Paratha: घर में कैसे बनाएं मोरिंगा का परांठा? आपको कर देगा तंदुरुस्त

मसाले को अच्छे से पकाना और सही स्वाद लाना

प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन का पेस्ट बनाकर उसे अच्छे से भूनना बहुत जरूरी है. मसाले को तब तक पकाएं, जब तक उसके किनारों से तेल दिखने न लगे. अगर मसाला कच्चा रह गया, तो छोलों का स्वाद भी अच्छा नहीं आएगा. सिर्फ एक पैकेट छोले मसाला डालने से ढाबे जैसा स्वाद नहीं आता. जीरा, धनिया पाउडर, आमचूर, कसूरी मेथी और थोड़ा गरम मसाला भी डाल सकते हैं. इन मसालों से छोलों का स्वाद और अच्छा हो जाता है.

ढाबे के छोले थोड़े खट्टे होते हैं, इसके लिए आमचूर या अनारदाना डाल सकते हैं. इसके अलावा टमाटर से भी खट्टापन आता है, लेकिन केवल टमाटर पर निर्भर रहने से वह स्वाद नहीं आता. इसलिए खटास अपनी पसंद के हिसाब से रखें.

आखिर में दें ये छोटा सा टच

छोले बनने के बाद हाथों से थोड़ी कसूरी मेथी मसलकर डालें. ऊपर से थोड़ा घी या मक्खन और हरा धनिया डाल सकते हैं. इससे छोलों का स्वाद और भी अच्छा हो जाता है और वे देखने में भी स्वादिष्ट लगते हैं. ढाबे जैसे छोले बनाने के लिए किसी खास चीज की जरूरत नहीं है. बस छोले सही समय तक भिगोएं, चाय की पोटली के साथ उबालें, मसाले को अच्छे से पकाएं और आखिर में सही चीजें डालें. इन आसान बातों का ध्यान रखेंगे, तो घर के छोले भी गहरे रंग के और स्वाद में ढाबे जैसे बन सकते हैं.

यह भी पढ़ें: Potato Storage Tips: कटे आलू को 24 घंटे तक रखें फ्रेश! अपनाएं ये आसान किचन ट्रिक्स



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *