Winter Appetite: सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है भूख, लापरवाही आपके लिए पड़ सकती है भारी

c23b7b8cc2850ea56550daf13d0ba94c17946596874281473 original


मौसम बदलने के साथ लोगों की दिनचर्या और खानपान में भी कई बदलाव आने लगते हैं. गर्मियों में जहां हल्का खाना पसंद आता है, वहीं सर्दियां शुरू होते ही गर्मागर्म पराठे, पकौड़े, मिठाइयां और चाय-कॉफी की इच्छा बढ़ने लगती है. कई लोगों को इस मौसम में सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा भूख महसूस होती है. कुछ लोग खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही दोबारा कुछ खाने की इच्छा जताने लगते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ठंड के कारण शरीर को वास्तव में ज्यादा भोजन की जरूरत होती है या इसके पीछे कुछ और कारण हैं?

दरअसल सर्दियों में भूख बढ़ने के पीछे शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव, कम होती धूप, नींद और रोजमर्रा की एक्टिविटीज में बदलाव जैसे कई कारण जिम्मेदार होते हैं. अगर इन आदतों पर ध्यान नहीं दिया जाए तो इनकी वजह से धीरे-धीरे वजन भी बढ़ सकता है.

सर्दियों में क्यों बढ़ने लगती है भूख?

ठंड के मौसम में भूख बढ़ने के पीछे शरीर के अंदर काम करने वाले कुछ हार्मोन की अहम भूमिका होती है. असल में सर्दियों में नींद और दिनचर्या में बदलाव भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन के काम करने के तरीके को प्रभावित करते हैं. दरअसल भूख को नियंत्रित करने में दो हार्मोन महत्वपूर्ण हैं. पहला Ghrelin, जो दिमाग को भूख लगने का संकेत देता है. दूसरा Leptin, जो शरीर को पेट भरने का संकेत देता है. जब नींद का समय और रोजाना की आदतें बदलती हैं तो इन हार्मोन के संकेत प्रभावित होने लगते हैं. इसका नतीजा यह होता है कि कुछ लोगों को बार-बार भूख लगती है या खाना खाने के बाद भी संतुष्टि महसूस नहीं होती.

कम धूप भी बदल सकती है खाने की आदत

सर्दियों में दिन छोटे हो जाते हैं और धूप मिलने का समय भी कम हो जाता है. इसका असर शरीर की आंतरिक जैविक घड़ी यानी Circadian Rhythm पर पड़ता है. यह शरीर की वह व्यवस्था है, जो सोने-जागने और कई शारीरिक प्रक्रियाओं को नियमित करती है. कम रोशनी के कारण सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे केमिकल के उत्पादन में बदलाव आता है. ये दोनों मूड और नींद को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इनके प्रभाव से खाने की पसंद भी बदल जाती है. यही वजह है कि कुछ लोगों का मन सर्दियों में मीठा, कार्बोहाइड्रेट और ज्यादा कैलोरी वाला भोजन खाने के लिए अधिक करता है.

यह भी पढ़ें: Fatty Liver Exercise:फैटी लिवर का काल हैं ये आसान एक्सरसाइज, डॉक्टर से जानें इसे रिवर्स करने का सच

गर्मागर्म और तला-भुना खाना क्यों लगता है अच्छा?

सर्दियों में खानपान की पसंद बदलना भी भूख बढ़ने की एक बड़ी वजह है. इस मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए लोग अक्सर भारी और पेट भरने वाला भोजन पसंद करते हैं. आलू के पराठे, पकौड़े, हलवा, तिल के लड्डू और गर्म पेय जैसी चीजें इसलिए पसंद की जाती है. सर्दियों में भूख बढ़ने के पीछे जैविक, पर्यावरणीय और व्यवहार से जुड़े कई कारण होते हैं. ठंड में शरीर अपना सामान्य तापमान बनाए रखने के लिए एनर्जी खर्च करता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को बहुत ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है. इसके अलावा त्योहार, पारिवारिक आयोजन और बाहर खाने की बढ़ती आदत भी कैलोरी की खपत बढ़ा सकती है. जब बड़े हिस्से में भोजन और बार-बार स्नैकिंग की आदत जुड़ जाती है तो वजन बढ़ने की संभावना भी बढ़ जाती है.

कम शारीरिक गतिविधि बन सकती है वजन बढ़ने की वजह

सर्दियों में सुबह जल्दी उठना और एक्सरसाइज करना कई लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है. ठंड के कारण लोग सुबह की सैर छोड़ देते हैं और घर के अंदर ज्यादा समय बिताने लगते हैं. इससे उनकी शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं. ऐसी स्थिति में अगर खाने की मात्रा पहले जैसी या उससे ज्यादा बनी रहती है तो शरीर में खर्च होने वाली एनर्जी के मुकाबले कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है. लंबे समय तक ऐसा होने पर वजन बढ़ सकता है. ऐसे में डायबिटीज, हाइपोथायरॉइडिज्म और इंसुलिन रेजिस्टेंस से जूझ रहे लोगों को अपने खानपान और वजन में होने वाले बदलावों पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

सर्दियों में भूख और वजन को ऐसे रखें कंट्रोल

सर्दियों में पसंदीदा खाना छोड़ने या भूख को दबाने की जरूरत नहीं है. इसके बजाय खानपान में कुछ छोटे बदलाव करके वजन को नियंत्रित रखा जा सकता है. भोजन में दाल, पनीर, अंडे, फल और सब्जियां शामिल करें. इससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है. बाहर ठंड ज्यादा हो तो घर में योग, स्ट्रेचिंग और हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं. सर्दियों में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को पानी की जरूरत बनी रहती है.  पसंदीदा मिठाइयां और तले हुए व्यंजन खाएं, लेकिन उनकी मात्रा सीमित रखें. सोने, जागने और भोजन करने का समय नियमित रखने की कोशिश करें.

यह भी पढ़ें: Milk Alternatives: महंगा हो रहा दूध, इन चीजों से भी पूरी हो सकती है पोषक तत्वों की कमी

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *