पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग के लिए अंडर-19 एशिया कप 2026 शानदार रहा. उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया, जो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी 58 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिससे भारतीय टीम को 338 का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत मिली.
आर्यवीर सहवाग के अंडर-19 एशिया कप 2026 में किए गए प्रदर्शन के बारे में बताने से पहले आपको उनकी फाइनल में खेली गई महत्वपूर्ण पारी के बारे में बताते हैं. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे. बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर ने 61 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 58 रन बनाए. उन्होंने कप्तान लक्ष्या रैचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की.
हालांकि मिडिल आर्डर के बिखर जाने से भारत पर दबाव बन गया था, लेकिन अंत में मनल चौहान (47) और मोहित उलवा (49) की शानदार पारी से भारत हारी हुई बाजी जीत गया.
कैसा रहा आर्यवीर सहवाग का प्रदर्शन
आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में खेली 5 पारियों में कुल 361 रन बनाए. वह इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, वह पाकिस्तानी बल्लेबाज उस्मान खान से 16 रन आगे रहे. उस्मान ने फाइनल में शतक जड़ा था, जिसके बाद उनके कुल रन 345 हो गए थे.
आर्यवीर ने 5 पारियों में 1 शतक जड़ा और 3 में अर्धशतक, सिर्फ 1 बार वह 50 के कम पर आउट हुए थे. उन्होंने नेपाल के खिलाफ पहले मैच में 70 रन बनाए थे. पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज में वह 22 रन बनाकर आउट हो गए थे.
यूएई के खिलाफ आर्यवीर ने 160 रनों की शानदार पारी खेली थी. इसके बाद सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक (51) जड़ा. आज पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 58 रन बनाए.
आर्यवीर सहवाग का एवरेज 90.25 और स्ट्राइक रेट 95.50 की रही. इस दौरान उन्होंने कुल 16 छक्के और 38 चौके लगाए. सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारतीय कप्तान लक्ष्या रैचंदानी रहे, जिन्होंने 5 पारियों में 243 रन बनाए.