Easy Hacks To Get Rid Of Refrigerator Odor: फ्रिज में सब्जियां, फल, दूध, खाना और कई तरह की चीजें रखी जाती हैं. ऐसे में कई बार फ्रिज खोलते ही अजीब सी बदबू आने लगती है. खासकर जब कोई खाना खराब हो जाए, किसी चीज का जूस या ग्रेवी फ्रिज में गिर जाए या कोई सामान लंबे समय तक पड़ा रह जाए, तो उसकी गंध पूरे फ्रिज में फैल सकती है. कई बार सफाई करने के बाद भी बदबू पूरी तरह नहीं जाती.
अगर आपके फ्रिज से भी ऐसी ही गंध आ रही है, तो सबसे पहले बदबू की वजह पता करना जरूरी है. इसके बाद फ्रिज की अच्छी तरह सफाई करने और कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से इस परेशानी को कम किया जा सकता है.
फ्रिज से बदबू क्यों आती है?
फ्रिज में बदबू आने की कई वजह हो सकती हैं. खराब या एक्सपायर हो चुका खाना इसकी सबसे आम वजहों में से एक है. इसके अलावा फ्रिज की शेल्फ पर गिरा हुआ दूध, जूस, ग्रेवी या दूसरी चीजें भी बदबू पैदा कर सकती हैं. कुछ मामलों में बैक्टीरिया और फंगस भी गंध की वजह बन सकते हैं. इसलिए सिर्फ फ्रिज का दरवाजा खोलकर कोई खुशबूदार चीज रखने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी. पहले फ्रिज को साफ करना जरूरी है.

सबसे पहले खराब खाना बाहर निकालें
फ्रिज की बदबू दूर करने के लिए सबसे पहले अंदर रखा सारा सामान चेक करें. जो खाना खराब हो चुका है या जिसकी एक्सपायरी निकल गई है, उसे तुरंत बाहर निकाल दें. फ्रिज में ऐसी चीजें लंबे समय तक पड़ी रहने से बदबू और ज्यादा फैल सकती है. इसके साथ ही फ्रिज को इस तरह व्यवस्थित करें कि उसमें रखा सामान आसानी से दिखाई दे. इससे खाने की चीजें लंबे समय तक भूलकर पड़े रहने की संभावना कम होगी.
बेकिंग सोडा करेगा बदबू कम करने में मदद
फ्रिज की सफाई के बाद बदबू कम करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए एक कटोरी या खुला डिब्बा लेकर उसमें बेकिंग सोडा रखें और उसे फ्रिज की किसी शेल्फ पर रख दें. बेकिंग सोडा बची हुई गंध को सोखने में मदद कर सकता है. अगर फ्रिज के फ्रीजर में भी बदबू है, तो वहां भी अलग से बेकिंग सोडा रखा जा सकता है. हालांकि ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा रखने से पहले फ्रिज की अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है.

फ्रिज की शेल्फ और ड्रॉअर भी करें साफ
सिर्फ सामान निकालना काफी नहीं है. फ्रिज की शेल्फ, ड्रॉअर और उनके किनारों को भी अच्छी तरह साफ करें. इसके लिए गुनगुने पानी और डिश सोप का इस्तेमाल किया जा सकता है. किसी मुलायम कपड़े या स्पंज से सतह को साफ करें और फिर साफ पानी से पोंछ दें. सफाई के बाद सभी हिस्सों को अच्छी तरह सुखाना भी जरूरी है. अगर किसी शेल्फ या ड्रॉअर में खाने की चीज गिर गई है, तो उसे तुरंत साफ करें, क्योंकि ऐसे छोटे-छोटे दाग भी कुछ समय बाद बदबू देने लग सकते हैं.
फ्रिज के दरवाजे की रबर भी न भूलें
फ्रिज के दरवाजे के अंदर लगी रबर सील पर भी गंदगी जमा हो सकती है. इसे साफ करने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा माइल्ड डिटर्जेंट मिलाकर मुलायम कपड़े से पोंछें. इसके बाद साफ पानी से पोंछकर रबर को सूखे कपड़े से सुखा दें.
नींबू से भी दूर कर सकते हैं गंध
अगर फ्रिज साफ करने के बाद हल्की बदबू रह गई है, तो नींबू भी इस्तेमाल किया जा सकता है. नींबू के रस में कपड़ा भिगोकर फ्रिज की शेल्फ को पोंछ सकते हैं. इसके अलावा नींबू के कुछ टुकड़ों को एक कटोरी में रखकर कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रखा जा सकता है. इससे बची हुई गंध को कम करने में मदद मिल सकती है.
कॉफी पाउडर भी आ सकता है काम
फ्रिज की बदबू कम करने के लिए कॉफी ग्राउंड्स यानी इस्तेमाल की हुई कॉफी को भी एक छोटे खुले कटोरे में रख सकते हैं. इसे फ्रिज के अंदर रखने से गंध को कम करने में मदद मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें : बारिश के बाद फूल गए हैं खिड़की-दरवाजे, बिना बढ़ई बुलाए करें ठीक
आगे से फ्रिज में बदबू न आए, इसके लिए क्या करें?
फ्रिज में रखे खाने को हमेशा ढककर रखें. कोई चीज गिर जाए तो उसे बाद के लिए न छोड़ें, बल्कि तुरंत साफ कर दें. महीने में कम से कम एक बार फ्रिज और फ्रीजर की अच्छी तरह सफाई करें. खाने की एक्सपायरी चेक करते रहें और खराब हो चुकी चीजों को तुरंत बाहर निकाल दें. अगर आपके फ्रिज में एयर फिल्टर दिया गया है, तो उसे भी कंपनी के निर्देश के अनुसार समय-समय पर बदलें. फ्रिज को सही तापमान पर रखना भी जरूरी है, क्योंकि गलत तापमान पर खाना जल्दी खराब हो सकता है और इससे बदबू की समस्या बढ़ सकती है.
इसे भी पढ़ें : Prevent Rats At Home: चूहों के आतंक से पाना है छुटकारा? बिना जहर अपनाएं यह सीक्रेट ट्रिक