बारिश या ज्यादा नमी वाले मौसम में घर की दीवारों पर सीलन की समस्या बढ़ जाती है. कई बार दीवार पर पहले दाग दिखाई देते हैं और बाद में पेंट और प्लास्टर फूलकर बाहर निकलने लगता है. कुछ जगहों पर दीवार का हिस्सा गुब्बारे जैसा उभरा हुआ दिखाई देता है. इसे केवल ऊपर से पेंट करके ठीक करने की कोशिश करने से समस्या दोबारा आती है.इसलिए पहले दीवार में नमी आने का कारण पता करना जरूरी होता है.
सबसे पहले सीलन का कारण पता करें
दीवार का प्लास्टर फूलने की सबसे बड़ी वजहों में से एक मॉइश्चर यानी नमी होती है. अगर दीवार के दूसरी तरफ बाथरूम, किचन या पानी की पाइप है तो वहां से पानी रिसने की वजह से भी सीलन आ सकती है. कई बार बारिश का पानी बाहरी दीवार से अंदर पहुंचता है. छत से पानी का रिसाव होने पर भी नीचे की दीवारों पर नमी दिखाई देती है. इसलिए सिर्फ उभरे हुए प्लास्टर को देखकर उसकी मरम्मत शुरू न करें. पहले पानी कहां से आ रहा है, यह पता करना जरूरी है.अगर दीवार में लगातार पानी आ रहा है तो प्लंबिंग या वॉटरप्रूफिंग की समस्या को ठीक करवाना चाहिए. वरना नया प्लास्टर और पेंट भी कुछ समय बाद फिर खराब हो सकता है.
फूल चुके प्लास्टर को ऐसे ठीक करें
अगर दीवार का प्लास्टर काफी फूल गया है या ढीला हो चुका है तो उसके ऊपर सीधे पेंट नहीं करना चाहिए. पहले खराब और ढीले हिस्से को सावधानी से हटाए . इसके बाद दीवार को अच्छी तरह सूखने दे.दीवार पूरी तरह सूखने के बाद जरूरत के अनुसार एंटी-डैंप या वॉटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट किया जाता है. इसके बाद नया प्लास्टर लगाया जाता है. प्लास्टर सूखने के बाद वॉल पुट्टी और प्राइमर लगाया जाता है और अंत में पेंट किया जाता है.अगर दीवार का बड़ा हिस्सा फूल गया है तो यह काम किसी मेसन या वॉटरप्रूफिंग प्रोफेशनल से करवाना बेहतर रहता है.
यह भी पढ़ें : घर पर ही ड्राई क्लीन हो जाएंगे कपड़े, अपनाएं ये ट्रिक
सीलन दोबारा न आए, इसके लिए क्या करें ?
घर की दीवारों को सीलन से बचाने के लिए वेंटिलेशन का ध्यान रखना जरूरी है. बाथरूम और किचन में एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करने से नमी बाहर निकलने में मदद मिलती है. दीवार के पास लगातार पानी जमा न होने दें. बाहरी दीवारों पर बारिश का पानी सीधे पड़ता है तो वॉटरप्रूफ एक्सटीरियर कोटिंग मददगार होती है. छत पर दरार या पानी जमा होने की समस्या है तो उसे भी समय पर ठीक करवाना चाहिए.ध्यान रखें कि दीवार पर सिर्फ नया पेंट कर देने से सीलन की समस्या खत्म नहीं होती. अगर नमी का सोर्स बना रहता है तो कुछ समय बाद प्लास्टर फिर फूल सकता है. इसलिए पहले पानी या नमी का कारण दूर करें और उसके बाद ही प्लास्टर तथा पेंट की मरम्मत करवाएं.
यह भी पढ़ें :How To Store Beer: क्या घर पर चिल्ड नहीं रहती बीयर? फ्रिज में ऐसे करें स्टोर