5 साल की उम्र में बच्चे का शरीर और दिमाग तेजी से बढ़ता है. इस उम्र में उसे ऐसी डाइट देनी चाहिए, जिससे शरीर को जरूरी पोषण मिले और वह दिनभर एक्टिव भी रहे. बच्चे के खाने में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, विटामिन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल होना चाहिए. साथ ही, खाने की आदतें भी ऐसी बनानी चाहिए, जो आगे चलकर उसकी सेहत के लिए अच्छी रहें.
सुबह के नाश्ते में क्या दें?
बच्चे को सुबह ऐसा नाश्ता दें, जो स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो. रोज एक ही चीज देने के बजाय अलग-अलग ऑप्शंस अपनाएं. आप बच्चे को दूध के साथ वेजिटेबल पोहा, सूजी का उपमा, दलिया, बेसन या मूंग दाल का चीला दें. इसके अलावा अंडा खाने वाले बच्चों को उबला अंडा या वेजिटेबल ऑमलेट दिया जा सकता है. इडली-सांभर भी अच्छा ऑप्शन है. नाश्ते में केला, सेब, पपीता या मौसमी फल भी शामिल करें. इससे बच्चे को फाइबर और जरूरी विटामिन मिलते हैं. ध्यान रखें कि नाश्ता जबरदस्ती न खिलाएं और बच्चे की भूख के हिसाब से मात्रा रखें.
यह भी पढ़ें : Milk Alternatives: महंगा हो रहा दूध, इन चीजों से भी पूरी हो सकती है पोषक तत्वों की कमी
दोपहर और रात के खाने में क्या होना चाहिए?
बच्चे के लंच और डिनर में रोटी, चावल, दाल, सब्जी और दही जैसी चीजें शामिल करें. दाल और पनीर से प्रोटीन मिलता है, जबकि दूध, दही और पनीर हड्डियों के लिए जरूरी कैल्शियम देते हैं. हरी सब्जियां, गाजर, पालक, बीन्स और मौसमी सब्जियां भी खिलाएं. अगर बच्चा सब्जियां खाने में आनाकानी करता है, तो उन्हें पराठे, चीले या पुलाव में मिलाकर दे सकते हैं. खाने में बहुत ज्यादा तेल, नमक और मसाले इस्तेमाल न करें. कोशिश करें कि बच्चे को घर का ताजा खाना मिले और हर दिन खाने में थोड़ी वैराइटी रहे.
बीच में भूख लगे तो क्या खिलाएं?
5 साल के बच्चे को दिन में तीन मुख्य भोजन के साथ जरूरत के हिसाब से 1-2 बार हल्का नाश्ता भी दें. इसके लिए भुना चना, मखाना, घर का बना वेजिटेबल सैंडविच, दही, फल या उबले हुए स्वीट कॉर्न दें. बच्चे को बार-बार चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट, कैंडी और पैकेट वाले जूस देने से बचें. इनकी जगह सादा पानी, घर का बना खाना और साबुत फल दें. बच्चे को दिनभर पर्याप्त पानी पिलाएं और खाने के साथ खेलने-कूदने और अच्छी नींद का भी ध्यान रखें. एक बात और, बच्चे की भूख हर दिन एक जैसी नहीं होती. इसलिए उसे प्लेट पूरी करने के लिए मजबूर न करें. अगर बच्चे का वजन नहीं बढ़ रहा है, वह बहुत कम खाता है या लगातार थका रहता है, तो बाल रोग विशेषज्ञ से सलाह लें.
यह भी पढ़ें : Fatty Liver Exercise:फैटी लिवर का काल हैं ये आसान एक्सरसाइज, डॉक्टर से जानें इसे रिवर्स करने का सच
*Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें*
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator