Early Signs Of Heat Stroke In Summer: गर्मी बढ़ते ही शरीर कई बार ऐसे संकेत देने लगता है, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन यही छोटे-छोटे संकेत आगे चलकर लू जैसी गंभीर स्थिति में बदल सकते हैं. लू तब लगती है जब शरीर का तापमान अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाता है और शरीर खुद को ठंडा नहीं कर पाता. ऐसी स्थिति में समय रहते सावधानी बेहद जरूरी हो जाती है.
लू लगने से पहले शरीर में क्या होते हैं बदलाव?
हेल्थ के बारे में जानकारी देने वाली संस्था clevelandclinic के अनुसार, लू लगने से पहले शरीर कई तरह के बदलाव दिखाता है. शुरुआत में हल्का चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और सिर भारी लगना जैसे संकेत सामने आते हैं. कई बार व्यक्ति को उल्टी जैसा महसूस होता है या पेट भी खराब हो सकता है. यह वह समय होता है जब शरीर पहले ही चेतावनी दे रहा होता है कि अब ज्यादा देर तक गर्मी सहन करना मुश्किल हो रहा है.
धीरे-धीरे गंभीर होती है स्थिति
धीरे-धीरे ये लक्षण और गंभीर हो सकते हैं. शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, दिल की धड़कन तेज हो जाती है और सांस भी सामान्य से तेज चलने लगती है. कुछ लोगों को पसीना आना बंद हो जाता है, जबकि कुछ मामलों में अत्यधिक पसीना भी देखा जाता है. त्वचा लाल या असामान्य रूप से सूखी लग सकती है. सबसे खतरनाक संकेत तब होते हैं जब इसका असर दिमाग पर पड़ने लगता है. व्यक्ति को भ्रम होने लगता है, बात करने में परेशानी होती है या वह सामान्य तरीके से सोच नहीं पाता. कुछ मामलों में बेहोशी भी आ सकती है. यही वह स्थिति है, जब लू जानलेवा बन सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत होती है.
लू लगने के क्या होते हैं कारण?
अब बात करते हैं इसके कारण की, तो लू लगने के पीछे कई कारण होते हैं. तेज धूप में लंबे समय तक रहना, बंद और गर्म जगहों में रहना या बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत करना इसका मुख्य कारण बनता है. जब शरीर जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाता है और पसीने के जरिए खुद को ठंडा नहीं कर पाता, तब यह समस्या पैदा होती है.
इसे भी पढ़ें – Heart Fights Cancer: दिल धड़क रहा है यानी कैंसर से लड़ रहा है, नई स्टडी से जागी उम्मीद
किन लोगों को होती है सबसे ज्यादा दिक्कत?
कुछ लोग दूसरों की तुलना में ज्यादा जोखिम में होते हैं. छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग जल्दी प्रभावित हो सकते हैं. इसके अलावा जो लोग खुले में काम करते हैं या गर्मी में ज्यादा मेहनत करते हैं, उन्हें भी ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है.
इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए?
इससे बचने के लिए जरूरी है कि शरीर को समय-समय पर आराम दिया जाए. पर्याप्त पानी पीना, हल्के और ढीले कपड़े पहनना और तेज धूप से बचना बहुत जरूरी है. अगर किसी में शुरुआती लक्षण दिखें, तो तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और शरीर को ठंडा करने की कोशिश करें. लू कोई मामूली समस्या नहीं है. अगर शरीर के संकेतों को समय रहते समझ लिया जाए, तो इससे बचा जा सकता है. लेकिन अगर इन्हें नजरअंदाज किया गया, तो यह स्थिति तेजी से गंभीर हो सकती है. इसलिए शरीर जो संकेत दे रहा है, उसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें –Pregnancy Care in Summer: बढ़ती गर्मी में प्रेग्नेंट महिलाओं को हो सकती हैं कई दिक्कतें, ऐसें रखें अपना ख्याल
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator