U19 Asia Cup Final Highlights: हारा हुआ मैच जीता भारत, U19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया

bc7648c64c01a5a12557a28cd94e471a17946613006801212 original


भारत अंडर-19 एशिया कप 2026 चैंपियन बन गया है. टीम ने सांसों को रोक देने वाले फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया. मोहित उलवा जीत के हीरो रहे, जिन्होंने अंतिम गेंद पर विजयी चौका लगाया. मोहित ने नाबाद 49 रन बनाए और लगभग हार चुके मैच में न सिर्फ टीम की वापसी कराई बल्कि जीत तक पहुंचाया. 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी हुई थी, लेकिन मिडिल आर्डर के बिखर जाने से हार की स्थिति बन गई थी.

भारत का 8वां विकेट 252 के स्कोर पर गिर गया था, इसके बाद जीत के लिए 86 रन और बनाने थे लेकिन सिर्फ 2 विकेट हाथ में थे. तब मैनाल चौहान और मोहित उलवा के बीच नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई, ये टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. हालांकि इस जोड़ी के टूटने के बाद भारतीय फैंस की सांसे एक बार फिर रुक गई थी, क्योंकि अब 1 विकेट हाथ में था और 29 रन और चाहिए थे. पाकिस्तान जीत के बेहद करीब था, सिर्फ 1 विकेट दूर. लेकिन मोहित उलवा की शानदार पारी से भारत इस मुकाबले को जीत गया.

आखिरी गेंद में चाहिए थे 3 रन

भारत को जीत के लिए 12 गेंदों में 25 रन चाहिए थे, सिर्फ 1 विकेट बचा था इसलिए दबाव टीम इंडिया पर ज्यादा था. मोहित उलवा ने 49वें ओवर में 2 चौके और 1 छक्का जड़ा, इस ओवर में कुल 17 रन आए. अब 6 गेंदों में 8 रन चाहिए थे. पाकिस्तान के लिए आखिरी ओवर अहमद हुसैन ने डाला, जिन्होंने पहली गेंद डॉट डाली और दूसरी वाइड हो गई. इसके बाद अगली 4 गेंदों पर 4 सिंगल. अब जीत के लिए आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे, ड्रा के लिए भी 2 चाहिए थे. मोहित ने चौका मारकर भारत को जीत तक पहुंचाया.

आर्यवीर और रैचंदानी ने दिलाई थी अच्छी शुरुआत

338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय ओपनर लक्ष्या रैचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी, दोनों ने पहले विकेट लिए 95 रन जोड़े थे. आर्यवीर 58 बनाकर आउट हुए थे. कप्तान ने 80 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि मिडिल आर्डर बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से टीम इंडिया पर दबाव बन गया था.

पाकिस्तानी ओपनर ने जड़ा शतक

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम के ओपनर उस्मान खान ने शतक जड़ा था, उन्होंने अब्दुल कादिर के साथ दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की थी. उस्मान ने 111 गेंदों में 3 छक्के और 11 चौकों की मदद से 107 रन बनाए. कादिर ने 54 गेंदों में 80 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 छक्के और 3 चौके लगाए. चौथे नंबर पर आए पाक कप्तान फरहान यूसुफ ने भी अर्धशतक जड़ा था, उन्होंने 60 गेंदों में 63 रन बनाए.

भारत के लिए परेश पटेल ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए, सिर्फ वही थे जिन्होंने अपने पूरे 10 ओवर डाले. इसमें उन्होंने 68 रन दिए. विजय सुभाष ने 3 विकेट चटकाए, 5 ओवर में उन्होंने 40 रन दिए.

यह भी पढ़ें- SRH ने छोड़ा हर्षल पटेल का साथ, ट्रेड डील से इस टीम में हुई एंट्री!



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *