भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान और स्टाइलिश बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में जुटे हुए हैं. वह फिलहाल 2026 सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में खेला रहे हैं, जहां वह मुंबई की टीम के कप्तान भी हैं. सूर्यकुमार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कहर ढा रखा है. हालांकि, टीम इंडिया में वापसी के लिए उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी पर बनी फिल्म माही द अनटोल्ड स्टोरी के एक डायलॉग से प्रेरणा ली है. इसका खुलासा खुद उन्होंने सोमवार को किया.
सूर्यकुमार ने सोमवार को हैदराबाद के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 21 गेंद में नाबाद 60 रनों की पारी खेली. इससे पहले उन्होंने गुजरात के खिलाफ 29 गेंद में ताबड़तोड़ 82 रन बनाए थे. सोमवार को तूफानी पारी खेलने के बाद सूर्यकुमार ने मीडिया से बात की और ऐसी पारी खेलते समय अपनी मानसिकता के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई के चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए लगातार रन बनाना ही उनका लक्ष्य है.
सूर्यकुमार ने कहा, “आपने फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ जरूर देखी होगी, जिसमें माही भाई के दोस्त ने कहा था, ‘सिलेक्टर जहां बैठा है, वहीं मारना.’ आज मेरी योजना भी यही थी. मैं लगातार रन बनाने की कोशिश कर रहा हूं, मैच जीतने में मदद कर रहा हूं और तीसरे से पांचवें नंबर पर ‘हाई रिस्क, हाई रिवार्ड’ वाला गेम खेल रहा हूं.”
बता दें कि बीसीसीआई की सीनियर पुरुष चयन समिति में पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सेलेक्टर शिव सुंदर दास भी कुछ आईपीएल स्काउट्स के साथ मैदान पर मौजूद थे, जब सूर्यकुमार अपने तूफानी शॉट्स खेल रहे थे. उनका एक छक्का तो सॉल्ट लेक स्थित जादवपुर यूनिवर्सिटी के दूसरे मैदान से बाहर चला गया.
आईपीएल में सूर्यकुमा यादव मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. मंगलवार को सभी फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेंगी. सूर्या के लिए भले ही आईपीएल 2026 कुछ खास नहीं रहा था. फिर भी मुंबई का उन्हें रिलीज करना मुश्किल है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार लगातार रन बना रहे हैं. अब देखने वाली बात यह होगी कि आईपीएल 2027 में वह क्या कमाल करते हैं. सूर्या की उम्र अभी 36 साल की है. ऐसे में वह लगातार तूफानी बैटिंग कर भारत की टी20 टीम में वापसी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें-
रोहित शर्मा होंगे बाहर? 2027 ODI वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल; NZ दौरे के बाद उठे सवाल