J&K Revises School Timings: कश्मीर घाटी से जुड़े स्कूली बच्चों के लिए जरूरी अपडेट आया है. कश्मीर घाटी में तेजी से गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली छात्रों को राहत दी है. स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर ने एक आदेश जारी कर पूरे कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों के समय में बदलाव करने की घोषणा की है. सुबह के समय पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच पेरेंट्स की ओर से भी लगातार बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल की टाइमिंग बदलने की मांग की जा रही थी. निदेशालय के फैसले के बाद पूरे कश्मीर संभाग के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र चाहे वह श्रीनगर निगम के अंदर हो या बाहर सभी स्कूलों के लिए एक समय सारणी लागू कर दी गई है.
नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों का नया शेड्यूल
स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर की ओर से जारी नई समय सारणी के अनुसार कक्षाओं को दो कैटेगरी में बांटा गया है. इसमें पहले कैटेगरी में नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं शामिल है. इन सभी कक्षाओं का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होगा. वहीं कक्षा 9वी से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी.
आज से लागू हुआ नया समय
स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर की ओर से जारी यह नया आदेश आज यानी 17 नवंबर से लागू होगा. ऐसे में आज से ही संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों के लिए नई समय सारणी निर्धारित की है. वहीं छात्रों और पेरेंट्स को निदेशालय की ओर से यह भी सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए अपने-अपने स्कूल से जानकारी जुटा सकते हैं.
ये भी पढ़ें-Open Doors Report 2026: अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में आई 6.5% गिरावट, रिपोर्ट में खुलासा
पहले क्या था स्कूलों का समय?
इस बदलाव से पहले अक्टूबर के मध्य में जारी आदेश के तहत श्रीनगर निगम सीमा के भीतर और बाहर के स्कूलों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित था. इसमें श्रीनगर निगम सीमा के भीतर स्कूल सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित हो रहे थे. वहीं श्रीनगर निगम सीमा से बाहर ग्रामीण और बाहरी क्षेत्र के स्कूल सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक लग रहे थे.
सभी संस्थानों को सख्ती से पालन करने के निर्देश
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह नया आदेश कश्मीर संभाग के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राइवेट शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा. सभी स्कूल प्रबंधन को नई समय सारणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय में अपने स्तर पर कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-Haryana Unemployment Scheme: हरियाणा के बेरोजगार युवाओं को मिलेंगे 2 हजार रुपये, जानें कैसे करें अप्लाई?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI