2026 के 47वें मैच में विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ एमआई ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है.
मुंबई इंडियंस 10 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने 9 में से 7 मैच गंवा दिए हैं. यह टीम सबसे अंतिम पायदान पर है.
सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए. इस टीम को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 2.3 ओवरों में 29 रन की साझेदारी की.
जोश 5 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मार्श ने निकोलस पूरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 94 रन जुटाकर टीम को 123 के स्कोर तक पहुंचाया. निकोलस 21 गेंदों में 8 छक्कों और 1 चौके के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि मार्श ने 25 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली.
यह भी पढ़ें- लखनऊ के खिलाफ शतक से चूके रोहित शर्मा, फिर भी बना दिए 3 बड़े रिकॉर्ड
यहां से एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15) के साथ 23 रन, जबकि हिम्मत सिंह के साथ 47 गेंदों में 68 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. मार्करम 31 रन बनाकर नाबाद रहे. हिम्मत सिंह ने 40 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि एएम गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. लंबे वक्त बाद मैदान पर वापसी कर रहे रोहित शर्मा ने रयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए दमदार साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया. दोनों खिलाड़ियों ने 10.5 ओवरों में 143 रन जुटाए.
रिकेल्टन 32 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद रोहित ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 34 रन जुटाए. रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन बनाए. उनकी इस पारी में 7 छक्के और 6 चौके शामिल रहे.
तिलक वर्मा 11 रन, जबकि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में एमआई की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने 12 रन टीम के खाते में जोड़े. एमआई ने 17.4 ओवरों में 213 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया था, जिसके बाद नमन धीर (नाबाद 23) ने विल जैक्स (नाबाद 10) के साथ मिलकर टीम को 8 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से मणिमारन सिद्धार्थ ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट हासिल किया.