त्यौहारी सीजन से पहले ही चीनी की कीमतों ने जनता का बीपी बढ़ा दिया था. पिछले कुछ महीनोंमें चीनी के दाम अचानक से दोगुना तक बढ़ गए. जिसके बाद सरकार ने तमाम कोशिशें कीं जिससे चीनी की कीमतों को कंट्रोल किया जा सके. लेकिन अब जाकर लगत है कि आने वाले समय में चीनी की कीमतें कम हो सकती हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि इस साल चीनी का उत्पादन दोगुना हो गया है.
15 नवंबर 2026 तक देश में कुल 23.59 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है. पिछले साल इसी अवधि में 11.49 लाख टन चीनी बनी थी. यानी इस बार चीनी का उत्पादन दोगुने से भी ज्यादा हो गया है.
देश में बढ़ा चीनी उत्पाद
इस बारे में चीनी उद्योग से जुड़ी संस्था इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने जानकारी दी है. संस्था के मुताबिक, इस बार महाराष्ट्र में चीनी मिलों ने पिछले साल के मुकाबले जल्दी गन्ने की पेराई शुरू कर दी. इसी वजह से चीनी का उत्पादन तेजी से बढ़ा है.
इस राज्य में सबसे ज्यादा हुआ चीनी का उत्पादन
देशभर में तो चीनी का बंपर उत्पादन हुआ ही है, लेकिन इसमें भी बाजी महाराष्ट्र ने मारी है. इस राज्य में 15 नवंबर तक 18.51 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है. पिछले साल इसी समय तक राज्य में सिर्फ 5.25 लाख टन चीनी बनी थी. इस साल महाराष्ट्र में 154 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय 132 मिलें चल रही थीं. राज्य में 8 अक्टूबर से ही गन्ने की पेराई शुरू हो गई थी.
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में घटा उत्पादन
चीनी उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश दूसरे नंबर पर है. यहां 15 नवंबर तक 2.10 लाख टन चीनी बनी है. पिछले साल इसी अवधि में 4.25 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था. इस समय राज्य की 80 चीनी मिलों में पेराई चल रही है, जबकि पिछले साल 88 मिलें चालू थीं.
तो वहीं कर्नाटक देश में चीनी उत्पादन के मामले में तीसरे नंबर पर है. यहां 15 नवंबर तक 1.40 लाख टन चीनी बनी है. पिछले साल इसी अवधि में 1.46 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था. राज्य में इस समय 56 चीनी मिलें चल रही हैं, जबकि पिछले साल 68 मिलों में पेराई हो रही थी.
चीनी मिलों में पेराई हुई शुरू
इस्मा ने बताया है कि 15 नवंबर तक देशभर में कुल 313 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है. पिछले साल इसी समय 311 मिलों में पेराई चल रही थी. संस्था के महानिदेशक दीपक बलानी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी गन्ने की पेराई धीरे-धीरे तेज हो रही है. आने वाले दिनों में और चीनी मिलें शुरू होने की उम्मीद है.
कम हो सकते हैं चीनी के दाम
इस्मा का कहना है कि देश में चीनी का उत्पादन बढ़ रहा है. ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है. उद्योग को उम्मीद है कि देश में लोगों की जरूरत के मुताबिक चीनी की सप्लाई आसानी से पूरी होती रहेगी. इसी के साथ ये उम्मीद भी लगाई जा रही है कि अब जल्दी ही चीनी के दाम भी कम होते नजर आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: नया पेमेंट सिस्टम लेकर आई Air India, ऐसा करने वाली भारत की पहली एयरलाइन बनी