क्रिकेट के मैदान पर बल्लेबाजों के होश उड़ाने वाले पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी को हैरान कर दिया है. भज्जी ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है. दावा किया गया है कि हरभजन अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होंगे. भज्जी पिछले लंबे वक्त से राजनीति की पिच पर गेंदबाजी कर रहे थे. वह मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद बने थे.
हरभजन सिंह ने छोड़ी आम आदमी पार्टी, अब बीजेपी में होंगे शामिल!
आज यानी शुक्रवार दोपहर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. राघव ने दावा किया कि भज्जी अब ‘आप’ के सात सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल होंगे. यानी अब तक आम आदमी के लिए खेलने वाले टर्बिनेटर अब बीजेपी की टीम से खेलेंगे.
क्रिकेट जगत में सालों अपनी स्पिन से धमाल मचाने वाले हरभजन सिंह ने 2021 में सक्रिया राजनीति में कदम रखा था. बताया जाता है कि भज्जी ने ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर से सलाह लेने के बाद राजनीति में डेब्यू किया था.
हरभजन सिंह का राजनीतिक सफर
2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद हरभजन सिंह ने राजनीति में कदम रखा था. क्रिकेट से संन्यास के बाद हरभजन सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए. उन्हें मार्च 2022 में आप द्वारा पंजाब से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुना गया. भज्जी पंजाब के ऐसे दूसरे क्रिकेटर रहे, जिन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद राजनीति में एक नई पारी शुरू की. भज्जी से पहले पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू राजनीति में डेब्यू कर चुके थे.
45 साल के हभजन सिंह 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. भज्जी के नाम टेस्ट में 417 विकेट, वनडे में 269 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 25 विकेट हैं. हरभजन आईपीएल में 163 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 150 विकेट हासिल किए.