
अगर आपके घर में माइक्रोवेव है, तो सीले हुए बिस्किट को ठीक करने का यह सबसे तेज तरीका है. इसके लिए एक माइक्रोवेव-सेफ प्लेट लें और उसमें बिस्किट को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर फैलाकर रख दें। अब माइक्रोवेव को हाई टेम्परेचर पर सेट करें और सिर्फ 30 से 40 सेकंड के लिए चलाएं. इसके बाद बिस्किट को बाहर निकालें और 5 मिनट के लिए ठंडा होने के लिए छोड़ दें. ठंडे होते ही बिस्किट वापस एकदम कड़क और कुरकुरे हो जाएंगे.

यदि आपके पास माइक्रोवेव नहीं है, तो आप गैस चूल्हे का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए गैस पर एक भारी तले की कढ़ाई या नॉन-स्टिक तवा रखें और उसे धीमी आंच पर हल्का गर्म कर लें. अब बिस्किट को तवे या कढ़ाई में सीधा रख दें. ध्यान रहे कि गैस की आंच बिल्कुल धीमी होनी चाहिए, नहीं तो बिस्किट नीचे से जल सकते हैं. बिस्किट को दोनों तरफ से 1-2 मिनट के लिए पलटकर सेकें और फिर गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर ये पूरी तरह क्रिस्पी हो जाएंगे.

यह ट्रिक थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन यह बहुत असरदार है. फ्रिज के अंदर का वातावरण बहुत सूखा होता है, जो नमी को सोख लेता है. इसके लिए सीले हुए बिस्किट को एक टिशू पेपर में लपेटें और फिर उन्हें एक एयरटाइट डिब्बे या जिप-लॉक बैग में बंद करके फ्रीजर में 1 से 2 घंटे के लिए रख दें. फ्रिज की ठंडक बिस्किट के अंदर की सारी नमी को सोख लेगी और आपके बिस्किट बिना गर्म किए ही फिर से क्रिस्पी हो जाएंगे.

अगर आप बिस्किट को दोबारा गर्म नहीं करना चाहते, तो यह देसी नुस्खा अपनाएं. एक कांच या प्लास्टिक का एयरटाइट डिब्बा लें और उसकी तली में 1 से 2 चम्मच कच्चे चावल डाल दें. इसके ऊपर एक टिशू पेपर बिछाएं और फिर सीले हुए बिस्किट को रख कर डिब्बे का ढक्कन कसकर बंद कर दें. चावल प्राकृतिक रूप से नमी को सोखने का काम करता है. एक रात में ही यह बिस्किट की सारी सीलन सोख लेगा.

किचन की चीजों से अलग, आप अपने बालों को सुखाने वाले हेयर ड्रायर की मदद से भी बिस्किट को कुरकुरा बना सकते हैं. इसके लिए बिस्किट को एक साफ प्लेट पर फैलाकर रखें. अब हेयर ड्रायर को गर्म हवा मोड पर सेट करें और करीब 1 से 2 मिनट के लिए बिस्किट के ऊपर गर्म हवा का ब्लो दें. गर्म हवा लगते ही बिस्किट की नमी उड़ जाएगी. थोड़ी देर हवा में रखने के बाद बिस्किट खाने के लिए एकदम परफेक्ट हो जाएंगे.

बिस्किट को दोबारा सीलने से बचाने के लिए पैकेट खुलते ही उन्हें तुरंत एक साफ और पूरी तरह सूखे कांच या स्टील के एयरटाइट डिब्बे में ट्रांसफर कर लें. डिब्बे के अंदर बिस्किट रखने से पहले नीचे एक टिशू पेपर या थोड़ी सी चीनी के दाने डाल दें, यह भी नमी को डिब्बे के अंदर आने से रोकता है. साथ ही, कभी भी नमकीन और बिस्किट को एक ही डिब्बे में एक साथ मिलाकर न रखें, वरना दोनों बहुत जल्दी खराब हो सकते हैं.
Published at : 20 Sep 2026 08:58 PM (IST)