अनंत अंबानी और 23 महीने के वेदांश सिंह के इलाज को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा काफी तेजी से वायरल हो रहा है. स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-1 से जूझ रहे वेदांश के इलाज के लिए करीब 9 करोड़ रुपए की जरूरत बताई जा रही है. बच्चे की मदद के लिए मुंबई में फंड जुटाने की मुहिम चल रही थी. इसी बीच सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर मयूरेश गुजर ने दावा किया कि अनंत अंबानी ने वेदांश के इलाज का पूरा खर्च उठाने की पेशकश की है.
दरअसल, मयूरेश गुजर और उनकी टीम कई हफ्तों से मुंबई के अलग-अलग इलाकों में लोगों से वेदांश के इलाज के लिए मदद करने की अपील कर रहे थे. इस अभियान के जरिए अब तक करीब 2.22 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके थे. इसी बीच लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान अनंत अंबानी से हुई एक मुलाकात ने इस पूरे अभियान को एक नया मोड़ दे दिया. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर क्या है पूरा मामला.
लालबागचा राजा के पास क्या हुआ?
मयूरेश गुजर के मुताबिक, 21 सितंबर को वह अपनी टीम के साथ मुंबई में लालबागचा राजा के पास वेदांश के इलाज के लिए बैनर लेकर फंड जुटाने का अभियान चला रहे थे. इसी दौरान अनंत अंबानी की नजर उनके बैनर पर पड़ी और उन्होंने अपनी कार रुकवाई.
गुजर ने बताया कि अनंत अंबानी ने उनसे करीब पांच मिनट तक बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अनंत अंबानी को वेदांश की बीमारी और इलाज के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे में बताया. इसके बाद बातचीत के दौरान अनंत अंबानी ने बच्चे के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही और वेदांश को अपने अस्पताल लाने के लिए कहा. हालांकि, दोनों ने एक-दूसरे से कॉन्टेक्ट नंबर भी लिया.
वायरल वीडियो में क्या कहा गया?
दरअसल, इन्फ्लुएंसर मयूरेश गुजर ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. वीडियो के साथ उन्होंने बताया कि उनकी टीम के लिए यह मुलाकात अभियान का एक नया मोड़ साबित हुई. उन्होंने कहा कि कई दिनों की मेहनत और लोगों से मदद की अपील के बाद अनंत अंबानी से हुई मुलाकात से उन्हें उम्मीद की एक नई किरण मिली है.
क्या अनंत अंबानी सच में उठाएंगे पूरा खर्च?
सबसे अहम बात यह है कि अभी तक सामने आई जानकारी मयूरेश गुजर के बयान पर आधारित है. अंबानी परिवार या अनंत अंबानी की ओर से इस दावे की कोई स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. हालांकि वीडियो में अनंत अंबानी ने मदद का पूरा आश्वासन दिया है और फंड रेज़ करने वालों ने उनका आभार जताया है.
कौन हैं वेदांश?
वेदांश सिंह 23 महीने का एक बच्चा है और वह स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-1 से जूझ रहा है. यह एक गंभीर जेनेटिक बीमारी है, जिसमें शरीर की मांसपेशियों को कंट्रोल करने वाली नसें प्रभावित होती हैं. इसी इलाज के लिए 9 करोड़ रुपए की जरूरत बताई गई है.
वित्तीय मजबूती के बावजूद नए संकट का खतरा बरकरार, RBI गवर्नर की चेतावनी