Energy Drinks: क्या होती है एनर्जी ड्रिंक, नॉर्मल ड्रिंक से ये कैसे होती है अलग

b1c9e57c9fcc450859ad2576ff04364017948964194211473 original


आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग खुद को एक्टिव और तरोताजा रखने के लिए अलग-अलग तरह के ड्रिंक्स का इस्तेमाल करते हैं. कोई थकान दूर करने के लिए कॉफी पीता है, तो कोई तुरंत चुस्ती महसूस करने के लिए एनर्जी ड्रिंक का सहारा लेता है. बाजार में ऐसे कई ब्रांड मौजूद हैं, जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं. इनकी मार्केटिंग भी इस तरह की जाती है कि इन्हें पीने से शरीर में ऊर्जा और दिमाग में अलर्टनेस बढ़ने का एहसास होता है.

हाल ही में 16 नवंबर 2026 को FSSAI ने रेड बुल इंडिया को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर यह बताने को कहा कि उसके प्रोडक्ट को एनर्जी ड्रिंक क्यों कहा जाना चाहिए. नियामक ने पेय में मौजूद अधिक चीनी और उसकी मार्केटिंग को लेकर सवाल उठाए हैं. ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर एनर्जी ड्रिंक होती क्या है और यह सामान्य कोल्ड ड्रिंक से कितनी अलग होती है?

एनर्जी ड्रिंक में स्टीमुलेन्ट्स मिलाए जाते हैं

एनर्जी ड्रिंक एक ऐसा पेय पदार्थ है, जिसमें मुख्य रूप से कैफीन जैसे स्टीमुलेन्ट्स मिलाए जाते हैं. इसके अलावा इसमें टॉरिन, बी-विटामिन, ग्लूकोरोनोलैक्टोन और कुछ अन्य सामग्री भी हो सकती है. इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से व्यक्ति को कुछ समय के लिए अधिक सतर्क और जागरूक महसूस कराने के उद्देश्य से किया जाता है.  इसमें मौजूद कैफीन केंद्रीय नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करता है. यह कुछ समय के लिए नींद और थकान का एहसास कम कर सकता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि शरीर की वास्तविक थकान खत्म हो जाती है या नींद की जरूरत पूरी हो जाती है. यानी एनर्जी ड्रिंक पीने के बाद व्यक्ति को भले ही ज्यादा एक्टिव महसूस हो, लेकिन शरीर को आराम की जरूरत बनी रहती है.

नॉर्मल ड्रिंक से ऐसे अलग होती है एनर्जी ड्रिंक

सामान्य सॉफ्ट ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक के बीच सबसे बड़ा अंतर उनके इस्तेमाल और सामग्री का होता है. सामान्य कोल्ड ड्रिंक में आमतौर पर पानी, चीनी, फ्लेवर और कार्बोनेशन होता है. वहीं एनर्जी ड्रिंक में कैफीन जैसे स्टीमुलेन्ट्स भी शामिल होते हैं. जैसे सामान्य सोडा या फ्रूट ड्रिंक पीने का उद्देश्य स्वाद और ताजगी पाना होता है, जबकि एनर्जी ड्रिंक को अलर्टनेस बढ़ाने वाले पेय के रूप में बेचा जाता है. हालांकि कुछ सामान्य कोल्ड ड्रिंक्स में भी कैफीन हो सकता है. इसलिए किसी पेय को समझने के लिए सिर्फ उसके नाम के बजाय उसकी सामग्री और न्यूट्रिशन लेबल देखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: Chhath Puja Thekua: घी, गुड़ और आटे से बनता है ठेकुआ, कितनी कैलोरी होती है इसमें?

रेड बुल में मौजूद चीनी की मात्रा

रेड बुल को लेकर मौजूदा विवाद की सबसे अहम वजह इसमें मौजूद चीनी की मात्रा है. रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI ने रेड बुल के लेबल पर घोषित 11 ग्राम चीनी प्रति 100 मिलीलीटर की मात्रा पर सवाल उठाया है. इस हिसाब से 250 मिलीलीटर के कैन में करीब 27.5 ग्राम और 500 मिलीलीटर में लगभग 55 ग्राम चीनी होती है. नियामक का सवाल है कि जब पेय की घोषित ऊर्जा का बड़ा हिस्सा अतिरिक्त चीनी से आता है, तो इसे एनर्जी ड्रिंक के रूप में पेश करना कितना उचित है. FSSAI ने यह भी चिंता जताई है कि एनर्जी ड्रिंक का लेबल कस्टमर्स को इसके पोषण संबंधी गुणों को लेकर गलत धारणा दे सकता है और अधिक चीनी के सेवन को बढ़ावा दे सकता है.

एनर्जी ड्रिंक का नियमित सेवन सही नहीं

एनर्जी ड्रिंक का सेवन करते समय सावधानी बरतना जरूरी है. इसमें मौजूद कैफीन की अधिक मात्रा से बेचैनी, नींद में परेशानी और दिल की धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. वहीं अधिक चीनी का नियमित सेवन वजन बढ़ने और मेटाबॉलिक समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है. यह भी समझना जरूरी है कि एनर्जी ड्रिंक स्पोर्ट्स ड्रिंक या ओआरएस का विकल्प नहीं है. यह शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी पूरी करने के लिए नहीं बनाई जाती.

यह भी पढ़ें: Pasteurized Milk: बगैर उबाले कोई दूध क्यों नहीं बेचती कंपनी, क्या है इसके पीछे की वजह?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *