नौकरी करने वाले हर व्यक्ति की चाहत होती है कि उसकी मेहनत का अच्छा इनाम मिले. आमतौर पर कंपनियां कर्मचारियों को सैलरी बढ़ाकर, बोनस या इंसेंटिव देकर सम्मानित करती हैं. लेकिन आनंद राठी वेल्थ के फाउंडर और चेयरमैन आनंद राठी ने अपने कर्मचारियों के लिए कुछ अलग करने का फैसला किया है. वो अपनी कंपनी के करीब 5000 कर्मचारियों और निजी स्टाफ को लगभग 30 करोड़ रुपए के शेयर गिफ्ट करने जा रहे हैं.
इसका मतलब है कि कंपनी के कर्मचारियों को अब सिर्फ सैलरी ही नहीं, बल्कि कंपनी में हिस्सेदारी पाने का मौका भी मिलेगा. खास बात ये है कि इन शेयरों के बदले कर्मचारियों को कोई पैसा नहीं देना होगा. ये पूरी तरह से गिफ्ट के तौर पर दिए जाएंगे.
किसे और कितने मिलेंगे शेयर?
आनंद राठी वेल्थ की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, आनंद राठी अपनी निजी हिस्सेदारी से कंपनी के 1.25 लाख तक इक्विटी शेयर ट्रांसफर करेंगे. इन शेयरों की मौजूदा कीमत करीब 30 करोड़ रुपए है. इस पहल से कंपनी और ग्रुप की करीब 5,000 लोगों को फायदा होगा. इसमें कंपनी के कर्मचारी, ग्रुप कंपनियों में काम करने वाले लोग और आनंद राठी का निजी स्टाफ भी शामिल है.
इस योजना के तहत हर व्यक्ति को ज्यादा से ज्यादा 25 शेयर मिल सकते हैं. ये शेयर आनंद राठी की अपनी हिस्सेदारी से दिए जाएंगे. यानी कंपनी नए शेयर जारी करके कर्मचारियों को हिस्सेदारी नहीं दे रही है, बल्कि फाउंडर और प्रमोटर अपनी जेब से शेयर गिफ्ट कर रहे हैं.
कर्मचारियों को देने होंगे पैसे?
सबसे खास बात यही है कि कर्मचारियों को शेयर पाने के लिए कोई रकम नहीं चुकानी होगी. कंपनी के मुताबिक, ये शेयर कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार जताने के लिए दिए जा रहे हैं. इसके लिए कर्मचारियों पर नौकरी जारी रखने की कोई शर्त भी नहीं रखी गई है. इसे किसी तरह का कर्मचारी रिटेंशन बोनस भी नहीं माना जाएगा.
आनंद राठी का कहना है कि कंपनी की सफलता के पीछे कर्मचारियों की मेहनत और योगदान है. इसलिए जो लोग कंपनी को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं उन्हें भी उसकी तरक्की में हिस्सेदार बनने का अवसर मिलना चाहिए.
क्या शेयरधारकों पर पड़ेगा असर?
आनंद राठी की ओर से दिए जाने वाले ये शेयर कंपनी की टोटल इक्विटी का करीब 0.08 फीसदी हैं. चूंकि ये शेयर उनकी निजी हिस्सेदारी से ट्रांसफर होंगे, इसलिए कंपनी की ओर से नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं. कंपनी ने बताया है कि इस ट्रांसफर के लिए SEBI से जरूरी मंजूरी मिल चुकी है. इसके बाद स्टॉक एक्सचेंज को भी जानकारी दी गई है.
क्या है आनंद राठी वेल्थ के शेयर का भाव?
आनंद राठी वेल्थ शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी है. मंगलवार को कंपनी के शेयर में करीब 0.5 फीसदी की गिरावट आई और ये 2,273 रुपए पर बंद हुआ. इसी शेयर भाव के आधार पर कर्मचारियों को दिए जाने वाले शेयरों की टोटल कीमत करीब 30 करोड़ रुपए है.
सुबह- सुबह 9500 रुपए गिरी चांदी, गोल्ड में भी गिरावट, जानें सोने- चांदी का ताजा रेट