PBKS vs GT 1st Innings: पंजाब ने गुजरात को 162 पर रोका, चहल-वैशाक ने बरपाया कहर; अंतिम 5 ओवर में बने सिर्फ 34 रन


आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 162 रनों पर रोक दिया. गुजरात टाइटंस को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में सबसे बड़ा रोल युजवेंद्र चहल का रहा. चहल ने पूरी तरह सेट हो चुके जोस बटलर और शुभमन गिल को पवेलियन भेजा. चहल ने इन दोनों बल्लेबाजों को कैच आउट कराया. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन ही बना सकी. अंतिम 5 ओवर में सिर्फ 34 रन बने. पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाक ने भी शानदार गेंदबाजी की. वैशाक ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए. 

गुजरात की शुरुआत अच्छी रही थी. साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े. सुदर्शन 11 गेंद में दो चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें मार्को यानसेन ने पवेलियन भेजा. इसके बाद गिल और जोस बटलर के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई. 10वें ओवर में 83 के कुल स्कोर पर कप्तान गिल आउट हुए. उन्होंने 27 गेंद में 6 चौकों की मदद से 39 रन बनाए. गिल को युजवेंद्र चहल ने आउट किया. 

83 पर दो विकेट गिरे तो ग्लेन फिलिप्स बैटिंग करने उतरे. फिलिप्स और बटलर ने पारी को आगे बढ़ाया. दोनों अच्छी तरह सेट हो गए थे. 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर फिलिप्स छक्का लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए. उन्होंने 17 गेंद में 25 रन बनाए. फिलिप्स के बल्ले से एक चौका और एक छक्का आया. फिर 129 के कुल स्कोर पर बटलर भी छक्का लगाने के प्रयास में पवेलियन लौट गए. बटलर ने 33 गेंद में 38 रनों की पारी खेली. उनके बल्ले से 3 चौके और दो छक्के निकले. 

फिलिप्स और बटलर के आउट होने के बाद रनों की रफ्तार एकदम कम हो गई. पांच नंबर पर आए वाशिंगटन सुंदर 16 गेंद में दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए. शाहरुख खान भी तेजी से रन नहीं बना पाए. वह छह गेंद में चार रन बनाकर आउट हुए. राहुल तेवतिया 10 गेंद में 11 रनों पर नाबाद लौटे.

पंजाब के गेंदबाजों ने मुल्लांपुर की स्लो पिच का अच्छे से इस्तेमाल किया. मार्को यानसेन ने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन दिए और एक विकेट लिया. चहल ने 4 ओवर में 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए. वैशाक ने 4 ओवर में 34 रन दिए. अर्शदीप सिंह कुछ महंगे रहे. उन्होंने 4 ओवर में 42 रन दिए. अंतिम ओवर अर्शदीप ने 11 गेंद का ओवर फेंका. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *