इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ फिल्म का तूफान देखने को मिल रहा है. ये मूवी न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी ताबड़तोड़ कलेक्शन कर रही है और अब ये दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाने वाली टॉप-5 इंडियन फिल्मों में भी शामिल हो गई. इसे लेकर अब फिल्म की एक्ट्रेस लारा दत्ता ने बड़ी भविष्यवाणी की है. उनके मुताबिक फिल्म अपने चार हजार करोड़ रुपये के बजट से भी कई ज्यादा कमाई करेगी.
‘रामायण’ की कमाई पर लारा दत्ता की बड़ी भविष्यवाणी
हाल ही में लारा ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में रामायण पर बात करते हुए कहा कि ये फिल्म दुनिया की सबसे बेहतरीन फिल्मों के बराबर आकर खड़ी हो गई है. बता दें कि इसमें लारा ने रानी कैकेयी की भूमिका निभाई है.
उन्होंने फिल्म के 4 हजार करोड़ रुपये के बजट को लेकर कहा, ‘क्या ये बजट वसूल पाएगी? मुझे पूरा विश्वास है कि ऐसा होगा. न सिर्फ ऐसा बॉक्स ऑफिस के जरिए होगा बल्कि नमित (नमित मल्होत्रा, रामायण के प्रोड्यूसर) ने जो अलग प्लान बनाए हैं उनके माध्यम से भी. मेरा मानना है कि ये अपने बजट से भी कई ज्यादा कमाएगी.’
14वें दिन हुई 1500 करोड़ के पार
बता दे कि न रामायण दो पार्ट में बन रही है और दोनों का टोटल बजट 4 हजार करोड़ रुपये है. पहले पार्ट की बात करें तो रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को रिलीज हुई थी. 18 नवंबर तक फिल्म ने दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. अब तक इसकी भारत में कमाई 839 करोड़ रुपये और विदेशों में करीब 700 करोड़ रुपये हो चुकी है.
लारा दत्ता के बारे में
48 साल की लारा दत्ता का जन्म उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में साल 1978 में हुआ था. 22 साल की उम्र में साल 2000 में वो मिस यूनिवर्स बनी थीं. साल 2003 में अक्षय कुमार की फिल्म ‘अंदाज’ से उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर का आगाज किया. लारा ने 23 साल के करियर में ‘अंदाज’ और ‘रामायण’ के अलावा ‘नो एंट्री’, ‘काल’, ‘मस्ती’, ‘भागम भाग’, ‘पार्टनर’, ‘हाउसफुल’ और ‘चलो दिल्ली’ सहित कई फिल्में कीं. रामायण के बाद एक्ट्रेस इसके दूसरे पार्ट में भी नजर आएंगी.