बढ़ती उम्र में वजन को लेकर अक्सर बुजुर्गों को सलाह दी जाती है कि वे इसे काबू में रखें. लेकिन एक नई रिसर्च में सामने आया है कि 65 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों में सामान्य से थोड़ा अधिक वजन होना कम मृत्यु जोखिम से जुड़ा होता है. इसका मतलब यह नहीं है कि बुढ़ापे में जानबूझकर वजन बढ़ाना चाहिए. रिसर्च में यह भी सामने आया कि पेट के आसपास जमा चर्बी सेहत के लिए नुकसानदायक होती है. इसलिए बुजुर्गों की सेहत समझने के लिए सिर्फ वजन नहीं, बल्कि कमर का आकार और मांसपेशियों की ताकत भी देखना जरूरी है.
6,905 बुजुर्गों पर हुई रिसर्च में क्या पता चला?
यूनिवर्सिटी ऑफ रोड आइलैंड के शोधकर्ताओं ने 65 साल या उससे अधिक उम्र के 6,905 लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया. यह जानकारी 2011 से 2024 के बीच जुटाई गई थी. अध्ययन अगस्त 2026 में जर्नल ऑफ द अमेरिकन जेरियाट्रिक्स सोसाइटी में प्रकाशित हुआ. इसमें लोगों के बॉडी मास इंडेक्स BMIऔर कमर के घेरे को ध्यान में रखकर मृत्यु के जोखिम का आकलन किया गया. नतीजों में सामान्य वजन की तुलना में अधिक वजन वाले पुरुषों में मृत्यु का जोखिम करीब 46 फीसदी कम पाया गया. हल्के और मध्यम मोटापे वाले पुरुषों में यह आंकड़ा करीब 51 फीसदी था. अधिक वजन वाली महिलाओं में भी मृत्यु का जोखिम करीब 27 फीसदी कम देखा गया. वहीं, कम वजन वाले बुजुर्गों में जोखिम ज्यादा था.
सिर्फ वजन नहीं, कमर का आकार भी है जरूरी
रिसर्च में यह भी सामने आया कि कमर के आसपास ज्यादा चर्बी होना अधिक जोखिम से जुड़ा था. जिन बुजुर्गों की कमर का घेरा ज्यादा था, उनमें मृत्यु का जोखिम करीब 24 फीसदी अधिक पाया गया. खास बात यह रही कि कुछ ऐसे बुजुर्ग भी जोखिम में थे जिनका BMI सामान्य था, लेकिन कमर का आकार बड़ा था. BMI से पता चलता है कि लंबाई के हिसाब से वजन कितना है, लेकिन इससे यह नहीं पता चलता कि शरीर में कितनी मांसपेशियां हैं और कितनी चर्बी. पेट के आसपास जमा चर्बी शरीर में सूजन और इंसुलिन से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ डायबिटीज और दिल की बीमारी का खतरा बढ़ाती है.
यह भी पढ़ें : Winter Diet: सर्दियां आते ही भूख ज्यादा क्यों लगती है, इसका शरीर पर क्या असर?
शोधकर्ताओं ने साफ किया है कि इस अध्ययन को वजन बढ़ाने की सलाह की तरह नहीं देखना चाहिए. बढ़ती उम्र में मांसपेशियां कमजोर होती हैं, इसलिए उन्हें मजबूत बनाए रखना जरूरी है. डॉक्टर की सलाह के अनुसार हल्की कसरत, नियमित टहलना और संतुलित खाना इसमें मदद करते हैं. खाने में दालें, दूध या दही, फल, सब्जियां और प्रोटीन वाली चीजें शामिल करें. अगर पहले से कोई बीमारी है, तो खान-पान या व्यायाम में बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें.
यह भी पढ़ें : Post Diwali Health टिप्स: दिवाली पर ज्यादा मिठाई खा ली? ऐसे फिर से पटरी पर लाएं सेहत
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator