Clean Air Cooler Before Storage: अगर आप ठंड शुरू होने के बाद कूलर को हटाकर रखने वाले हैं तो उसे बस साफ करके किसी कोने में रख देना सही तरीका नहीं है. गर्मियां आने पर जब आप दोबारा कूलर निकालेंगे तो उसमें से बदबू आ सकती है, कूलिंग पैड पर काले निशान दिख सकते हैं और नीचे के हिस्से में जंग भी लग सकती है. कई बार कूलर के अंदर की गंदगी की वजह से कीड़े भी अपना ठिकाना बना लेते हैं.
ऐसा ज्यादातर तब होता है जब कूलर को बंद करने से पहले उसके अंदर का पानी, धूल और नमी ठीक से साफ नहीं की जाती. इसलिए कूलर को लंबे समय के लिए रखने से पहले कुछ जरूरी काम कर लेना चाहिए. इससे अगली गर्मी में कूलर निकालने के बाद उसे चलाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी.
कूलर का पूरा पानी निकाल दें
कूलर को रखने से पहले सबसे पहला काम उसका पानी पूरी तरह निकालना है. इसके लिए पहले कूलर बंद करें और प्लग निकाल दें. इसके बाद ड्रेन प्लग खोलकर टैंक का पानी निकाल दें. कई बार नीचे के हिस्से में थोड़ा पानी रह जाता है. कूलर को हल्का सा झुकाकर देखें और जो पानी बचा हो उसे भी निकाल दें. इसके बाद टैंक को साफ कपड़े से पोंछकर सुखा दें. कूलर में बचा हुआ पानी लंबे समय तक पड़ा रहने पर बदबू और गंदगी की वजह बन सकता है. इसलिए इस स्टेप को बिल्कुल न छोड़ें.

कूलर को अंदर से अच्छी तरह सुखाएं
पानी निकालने के बाद भी कूलर के अंदर नमी रह सकती है. इसलिए उसे तुरंत ढककर न रखें. अगर आपके कूलर में सिर्फ पंखा चलाने वाला मोड है तो टैंक खाली करके और पंप बंद करके करीब 30 से 60 मिनट तक सिर्फ फैन चला सकते हैं.अगर ऐसा मोड नहीं है तो कूलर के पैनल खोलकर उसे कुछ घंटों के लिए ऐसी जगह रखें जहां हवा आती-जाती हो. कूलर पूरी तरह सूखने के बाद ही उसे कवर करें.
कूलिंग पैड निकालकर साफ करें
कूलर के कूलिंग पैड में गर्मियों के दौरान धूल और गंदगी जमा होती रहती है. पानी और नमी की वजह से इन्हें लंबे समय तक ऐसे ही छोड़ दिया जाए तो इनमें बदबू आ सकती है और ये खराब भी हो सकते हैं. इसलिए कूलिंग पैड निकालकर साफ पानी से धो लें. ज्यादा गंदगी हो तो हल्के साबुन और सॉफ्ट ब्रश से साफ कर सकते हैं. इसके बाद इन्हें अच्छी तरह धोकर छांव में पूरी तरह सुखाएं. अगर पैड पहले से बहुत ज्यादा गंदा है, टूटने लगा है या उसमें से बदबू आ रही है तो अगली गर्मी तक रखने के बजाय उसे बदल देना बेहतर है.

पंखे, जाली और पंप वाले हिस्से को साफ करें
कूलर के बाहर की सफाई करने के साथ अंदर के हिस्सों पर भी ध्यान दें. जाली, पंखे के ब्लेड और आसपास जमा धूल को सॉफ्ट कपड़े से साफ करें. पहले हल्के गीले कपड़े से पोंछ सकते हैं और उसके बाद सूखे कपड़े से इसे साफ कर दें. पंप के आसपास भी एक बार जरूर देख लें. वहां सफेद परत या चिपचिपी गंदगी दिखाई दे तो उसे साफ करके अच्छी तरह सुखा दें. लेकिन इलेक्ट्रिकल हिस्सों पर सीधे पानी न डालें.
कवर करने और रखने की जगह का ध्यान रखें
कूलर साफ और सूख जाने के बाद उसे ढककर ऐसी जगह रखें जहां नमी न हो. कूलर को सीधे गीले फर्श पर रखने से बचें. जरूरत हो तो नीचे लकड़ी का छोटा स्टैंड या कोई सूखी जगह इस्तेमाल कर सकते हैं. कूलर को ढकने के लिए ऐसा कवर इस्तेमाल करें जिसमें थोड़ी हवा आती-जाती रहे. बहुत टाइट प्लास्टिक से कूलर को ढकना ठीक नहीं है, क्योंकि इसके अंदर नमी फंस सकती है. यही नमी बाद में बदबू और फंगस की वजह बन सकती है. कूलर को ऐसी जगह भी न रखें जहां आसपास हमेशा नमी रहती हो या कीड़ों के आने की संभावना ज्यादा हो.
इसे भी पढ़ें : Coriander Storage Tips: फ्रिज में धनिया जल्दी गल जाता है, अपनाएं ये खास ट्रिक
लंबे समय तक रखा है तो बीच में एक बार जरूर देखें
अगर कूलर कई महीनों तक इस्तेमाल नहीं होने वाला है तो महीने-दो महीने में एक बार उसका कवर हटाकर देख लें. अंदर कहीं नमी तो नहीं है, बदबू तो नहीं आ रही या किसी कीड़े ने जगह तो नहीं बना ली. अगर नमी दिखाई दे तो कूलर को कुछ देर खुला छोड़कर अच्छी तरह सुखा लें. इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा और बाद में होने वाली परेशानी से बच सकते हैं.