बच्चों का बढ़ता मोटापा बन सकता है डायबिटीज की वजह, जानें बचाव के तरीके

dd941b7343ee8e123a246bc576f33bcf17949999245421257 original


आजकल बच्चों में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है. बदलती लाइफस्टाइल, खानपान की गलत आदतें, शारीरिक गतिविधियों की कमी और मोबाइल-टीवी पर बढ़ता स्क्रीन टाइम इसके प्रमुख कारण हैं. पहले मोटापे और टाइप-2 डायबिटीज को अधिकतर वयस्कों से जुड़ी बीमारियां माना जाता था, लेकिन अब कम उम्र के बच्चों में भी इनका खतरा बढ़ रहा है. चिंता की बात यह है कि बचपन में बढ़ता वजन भविष्य में कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है. इस बारे में खास जानकारी दे रही हैं इंदौर स्थित कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल की पीडियाट्रिक्स कंसल्टेंट डॉ. रुचिरा पहारे.

फास्ट फूड और मीठे पेय पदार्थ बढ़ा रहे परेशानी

बच्चों के खानपान में पिज्जा, बर्गर, चिप्स, नूडल्स, पैकेज्ड फूड, चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक्स की जगह लगातार बढ़ रही है. इन खाद्य पदार्थों में अधिक मात्रा में कैलोरी, चीनी, नमक और अनहेल्दी फैट होते हैं. वहीं, बच्चे घर का बना पौष्टिक भोजन, फल, हरी सब्जियां और दालें खाने से कतराते हैं. अधिक कैलोरी लेने और कम शारीरिक गतिविधि के कारण शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने लगती है, जिससे मोटापे की समस्या बढ़ती है.

मोटापे से कैसे बढ़ता है डायबिटीज का खतरा?

शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी जमा होने पर इंसुलिन की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है. इंसुलिन एक हार्मोन है, जो ब्लड में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है. मोटापे के कारण शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस यानी इंसुलिन प्रतिरोध की स्थिति विकसित हो सकती है. इसमें शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति ठीक से प्रतिक्रिया नहीं देतीं और ब्लड में शुगर का लेवल बढ़ने लगता है. लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहने पर बच्चों में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है.

इसके अलावा मोटापे से बच्चों में हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल की समस्या, फैटी लिवर, जोड़ों में दर्द और कम उम्र में हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है. कई बच्चों में आत्मविश्वास की कमी, तनाव और सामाजिक असहजता जैसी समस्याएं भी देखने को मिलती हैं.

इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

यदि बच्चे का वजन उसकी उम्र और लंबाई के अनुपात में लगातार बढ़ रहा है, गर्दन या बगल के आसपास त्वचा का रंग गहरा और मोटा दिखाई दे रहा है, बार-बार प्यास लगती है, पेशाब अधिक आता है या बिना अधिक गतिविधि के थकान महसूस होती है तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. ये संकेत इंसुलिन रेजिस्टेंस या डायबिटीज की ओर इशारा कर सकते हैं. हालांकि, केवल लक्षणों के आधार पर बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती. डॉक्टर जरूरत के अनुसार ब्लड शुगर और अन्य जांच कराने की सलाह दे सकते हैं.

बचपन से अपनाएं हेल्दी आदतें

बच्चों को मोटापे और डायबिटीज से बचाने के लिए परिवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. बच्चों को रोजाना कम से कम 60 मिनट शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. इसमें साइकिल चलाना, दौड़ना, तैरना, खेलना और डांस जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं. स्क्रीन टाइम सीमित रखें और पर्याप्त नींद लेने की आदत विकसित करें.

बच्चों के भोजन में मौसमी फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, दूध और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें. मीठे पेय पदार्थों और जंक फूड का सेवन सीमित करें. सबसे जरूरी बात यह है कि बच्चों को वजन के लिए शर्मिंदा करने के बजाय पूरे परिवार को हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए.

ये भी पढ़ें: बढ़ती ठंड में बच्चों को बीमार होने से कैसे बचाएं? ये टिप्स आएंगे काम

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *