टीम इंडिया ने तीन साल पहले आज के दिन यानी 19 नवंबर को 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गंवाया था. टूर्नामेंट में सभी मैच जीतने वाली मेन इन ब्लू को खिताबी मैच में हार का सामना करना पड़ा था. घरेलू सरजमीं पर भारतीय टीम खिताब से सिर्फ एक कदम दूर रह गई थी. इससे करोड़ों भारतीयों का दिल टूट गया था. अब 3 साल के बाद उसी दिन एक पोस्ट साझा कर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने पुराने जख्म पर नमक छिड़क दिया.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल से पहले टीम इंडिया ने सेमीफाइनल सहित लगातार 10 मैच जीते थे. टीम की तरफ से बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला था. फैंस उम्मीद कर रहे थे कि फाइनल में भी टीम इंडिया जीत हासिल करके खिताब अपने नाम कर लेगी. फाइनल से पहले लीग स्टेज में भारत और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत हुई थी. लीग मुकाबला भारत ने जीता था, लेकिन फाइनल में भारत की खराब बैटिंग और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड की पारी ने सारा खेल ही पलट दिया था.
3 साल बाद हेड ने भारतीयों के जख्म पर छिड़का नमक
ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप का खिताब जीते हुए 3 साल पूरे हो गए हैं. खिताब जीतने की तीसरी सालगिरह पर हेड ने एक पोस्ट में फाइनल जीतने के बाद वाली कुछ तस्वीरें शेयर कीं. कैप्शन में उन्होंने “हैप्पी बर्थडे लिखा.” उनकी पोस्ट पर तमाम भारतीयों के कमेंट्स देखने को मिले.
ऐसा रहा था फाइनल का हाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया पहले बैटिंग करने के बाद 240 रन पर ऑलआउट हो गई थी. केएल राहुल ने 66 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली थी, जिसमें सिर्फ 1 चौका शामिल था. कोहली ने 54 रन बनाए थे. रोहित ने 47 रन स्कोर किए थे. चेज के लिए उतरी ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 43 ओवर में 4 विकेट पर 241 रन बनाकर एकतरफा जीत अपने खाते में डाल ली थी. ट्रेविस हेड ने टीम के लिए 15 चौके और 4 छक्के लगाकर 137 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली थी. हेड की पारी ने ही पूरा मैच पलट दिया था. इसके अलावा मार्नस लाबुशेन ने 4 चौकों की मदद से 58 रन बनाए थे.
यह भी पढ़ें: राइजिंग स्टार्स एशिया कप आज से शुरू, देखें भारत का स्क्वॉड, शेड्यूल, और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल