अच्छी सेहत के लिए सिर्फ अच्छा खाना और रोजाना एक्सरसाइज करना ही काफी नहीं है, समय-समय पर शरीर की जांच कराना भी जरूरी है. कई बीमारियां ऐसी होती हैं, जिनके शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते. जब तक परेशानी का पता चलता है, तब तक बीमारी बढ़ जाती है. पुरुषों में हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, दिल की बीमारी और लिवर-किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा उम्र और जीवनशैली के साथ बढ़ता है. ऐसे में कुछ मेडिकल टेस्ट की मदद से शरीर की स्थिति के बारे में जानकारी मिलती है.
ब्लड प्रेशर की जांच से पता चलेगा हाई बीपी
ब्लड प्रेशर की जांच पुरुषों के लिए जरूरी है. हाई ब्लड प्रेशर की खास बात यह है कि कई बार इसके कोई साफ लक्षण दिखाई नहीं देते. व्यक्ति सामान्य महसूस करता है, लेकिन उसका बीपी बढ़ा हुआ होता है. लंबे समय तक हाई बीपी रहने से दिल की बीमारी, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी परेशानी होती है. इसलिए समय-समय पर बीपी की जांच कराते रहना चाहिए. खासकर उन लोगों को ज्यादा ध्यान देना चाहिए, जिनके परिवार में पहले से हाई बीपी या दिल की बीमारी की समस्या रही है.
ब्लड शुगर और HbA1c से पता चलेगी डायबिटीज
ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट से शरीर में शुगर का स्तर पता चलता है. इन जांचों से प्रीडायबिटीज और डायबिटीज की पहचान करने में मदद मिलती है. प्रीडायबिटीज का मतलब है कि शरीर में शुगर सामान्य से ज्यादा है, लेकिन अभी डायबिटीज की स्थिति नहीं बनी है. समय रहते खानपान और रोजाना की आदतों में बदलाव करके इसे कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. वहीं, लंबे समय तक बढ़ी हुई शुगर आंखों, नसों, दिल और किडनी को नुकसान पहुंचाती है.
यह भी पढ़ें : Winter health Care tips for Kids : बढ़ती ठंड में बच्चों को बीमार होने से कैसे बचाएं? ये टिप्स आएंगे काम
लिपिड प्रोफाइल, KFT और LFT भी हैं जरूरी
लिपिड प्रोफाइल टेस्ट से खून में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स की मात्रा का पता चलता है. इनके बढ़ने से दिल की बीमारी और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है. इसके अलावा किडनी फंक्शन टेस्ट KFT से पता चलता है कि किडनी सही तरीके से काम कर रही है या नहीं. इसमें क्रिएटिनिन और यूरिया जैसे स्तरों की जांच की जाती है. वहीं, लिवर फंक्शन टेस्ट LFT से लिवर की स्थिति समझने में मदद मिलती है. इससे लिवर से जुड़ी गड़बड़ियों के संकेत मिलते हैं. इन सभी जांचों की जरूरत उम्र, स्वास्थ्य और डॉक्टर की सलाह के अनुसार तय की जाती है.
यह भी पढ़ें : Ayushman Bharat Yojana: आयुष्मान कार्ड में कवर नहीं होतीं ये बीमारियां, इलाज नहीं करते अस्पताल
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator