बाजार में एक बार फिर बैंड-बाजा और बारात की तैयारियां शुरू हो गई हैं. कहीं दुल्हन के लहंगे की खरीदारी होगी तो कहीं सोने-चांदी के गहनों की चमक बढ़ेगी. होटलों से लेकर बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग और डेकोरेशन कारोबारियों तक, हर किसी की निगाहें अब शादी के सीजन पर टिकी हैं. दिवाली के बाद कारोबारियों को अब शादियों से बड़ी कमाई की उम्मीद है. 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के साथ शादी-विवाह का सीजन शुरू होने जा रहा है. व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का अनुमान है कि इस बार देशभर में करीब 52 लाख शादियां होंगी, जिनसे 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. अकेले दिल्ली-NCR में 5 लाख शादियों से 1 लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है.
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि 11 अक्टूबर को नवरात्रि के साथ शुरू हुए त्योहारी सीजन में दिवाली तक बाजार में अच्छा कारोबार हुआ. अब व्यापारी शादी के सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं. उनके मुताबिक, इस बार GST की दरों में कटौती और राहत के बाद ग्राहकों की खरीदारी के व्यवहार में भी बदलाव आया है. लोग विदेशी सामान के मुकाबले भारतीय उत्पादों को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा के मुताबिक, ‘वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स’ अभियान का असर भी शादी के बाजार में दिखाई दे रहा है. चीनी लाइटिंग, कृत्रिम सजावट और गिफ्ट एक्सेसरीज जैसे आयातित उत्पादों की जगह भारतीय सामान की मांग बढ़ रही है. इससे पारंपरिक कारीगरों, ज्वैलर्स और कपड़ा कारोबारियों को बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं.
शादी के सीजन से इन कारोबारों को होगा फायदा
शादियों का सीजन सिर्फ कपड़े और गहनों के कारोबार तक सीमित नहीं है. इससे डेकोरेटर, कैटरर, फ्लोरिस्ट, कलाकार, ट्रांसपोर्टर और होटल कारोबारियों को भी सीधा फायदा मिलता है. इसके अलावा वस्त्र, ज्वैलरी, हैंडीक्राफ्ट, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े छोटे और मध्यम कारोबारियों के लिए भी यह सीजन काफी अहम माना जा रहा है.
CTI के महासचिव रमेश आहूजा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा के मुताबिक, शादी के बजट का बड़ा हिस्सा सामान और सेवाओं पर खर्च होता है. कपड़े, साड़ी, लहंगे और अन्य परिधानों पर करीब 10 फीसदी, आभूषणों पर 15 फीसदी, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स पर 5 फीसदी खर्च होता है. इसके अलावा मिठाई, सूखे मेवे और स्नैक्स पर 5 फीसदी, किराना और सब्जियों पर 5 फीसदी, गिफ्ट आइटम्स पर 4 फीसदी और अन्य सामान पर करीब 6 फीसदी खर्च का अनुमान है.
वहीं, सेवाओं में बैंक्वेट हॉल, होटल और शादी के स्थलों पर 5 फीसदी, इवेंट मैनेजमेंट पर 3 फीसदी, टेंट और सजावट पर 10 फीसदी, कैटरिंग पर 10 फीसदी और फूलों की सजावट पर 4 फीसदी खर्च होता है. परिवहन और कैब सेवाओं पर 3 फीसदी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर 2 फीसदी, संगीत और ऑर्केस्ट्रा पर 3 फीसदी, लाइट-साउंड पर 3 फीसदी और अन्य सेवाओं पर करीब 7 फीसदी खर्च होने का अनुमान है.
21 नवंबर से शुरू होंगी शादियां, 13 दिसंबर से फिर लगेगा ब्रेक
करीब चार महीने के इंतजार के बाद 21 नवंबर से एक बार फिर शादी-विवाह के कार्यक्रम शुरू होने जा रहे हैं. देवउठनी एकादशी और तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी. CTI के मुताबिक, 21 नवंबर को अबूझ साया होने की वजह से बड़ी संख्या में शादियां होने की उम्मीद है. इसके बाद दिसंबर में भी 12 तारीख तक विवाह के कई मुहूर्त हैं.
CTI की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 13 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक मलमास के कारण विवाह के मुहूर्त नहीं होंगे. 15 जनवरी 2027 से एक बार फिर शादियां शुरू होंगी और 28 जून 2027 तक विवाह के अच्छे मुहूर्त रहेंगे. इसके बाद शुक्र तारा अस्त होने और 13 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ शादी का सीजन करीब चार महीने के लिए थम जाएगा.
यानी आने वाले दिनों में शादियों की रौनक के साथ बाजार में भी बड़ा कारोबार होने की उम्मीद है. CTI के अनुमान के मुताबिक, देशभर में 52 लाख शादियां होती हैं तो कपड़ों, गहनों से लेकर होटल, कैटरिंग और सजावट तक कई कारोबारों को इसका फायदा मिलेगा. अब देखना होगा कि शादियों का यह सीजन कारोबारियों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.
ये भी पढ़ें: 300 की कैब 800 में हो रही बुक, क्यों दिल्ली-NCR में महंगी हुई टैक्सी-ऑटो की सवारी