कार्तिक आर्यन और साउथ एक्ट्रेस श्रीलीला एक म्यूज़िकल ड्रामा में साथ नजर आएंगे. फिलहाल के लिए इस फिल्म का नाम ‘तू मेरी ज़िंदगी है’ बताया जा रहा है. वहीं फिल्म को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट है. इन सबके बीच फ़िल्ममेकर अनुराग बसु इस फ़िल्म की शूटिंग तेज़ी से पूरी करने में जुटे हुए हैं ताकि इसे दिवाली से पहले रिलीज किया जा सके. ये फैसला एक बड़ी फिल्म से क्लैश से बचने के लिए लिया जा रहा है
कार्तिक-श्रीलीला की फिल्म को क्यों अक्टूबर में होगी रिलीज?
‘मिड-डे’ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि कार्तिक आर्यन और अनुराग बसु अपनी फ़िल्म को जल्द से जल्द पूरा करने में जुटे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने बताया, “अनुराग और फ़िल्म के मेकर्स बॉक्स ऑफिस पर कुछ राहत चाहते हैं. वे ‘रामायण’ जैसी बड़ी फ़िल्म से बिना किसी क्लैश के, सिनेमाघरों में अपनी फ़िल्म को आराम से चलाना चाहते हैं. अक्टूबर में सिर्फ़ एक बड़ी फ़िल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज़ हो रही है. इसलिए, प्रोड्यूसर भूषण कुमार और अनुराग अक्टूबर में ही अपनी फ़िल्म रिलीज़ करने पर विचार कर रहे हैं.”
रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने आगे बताया, “मकसद यह है कि गर्मियों के पीक पर पहुंचने से पहले ही फ़िल्म का ज़्यादातर हिस्सा पूरा कर लिया जाए. इसके बाद कार्तिक कबीर की स्पोर्ट्स ड्रामा फ़िल्म पर काम शुरू करेंगे, जबकि अनुराग अपनी फ़िल्म का फ़ाइनल कट तैयार करेंगे.”
फरवरी 2025 में आया था ‘तू मेरी जिंदगी है’ का पहला लुक
अनुराग बसु की रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म का पहला लुक वीडियो कार्तिक आर्यन ने फरवरी 2025 में शेयर किया था. इसकी शुरुआत भीड़ की ज़ोरदार तालियों और चीयर्स से होती है, जबकि अभिनेता गिटार बजाते हुए मंच पर परफ़ॉर्म करते हुए नजर आते हैं. उन्हें ‘तू मेरी ज़िंदगी है’ गाना गाते हुए देखा जा सकता है, जिसमें वह घनी दाढ़ी और लंबे, बिखरे बालों के साथ एक दिल टूटे आशिक के लुक में नज़र आ रहे हैं. इस वीडियो में श्रीलीला और कार्तिक के रोमांटिक पलों की कुछ झलकियां भी दिखाई गई हैं. इस नई जोड़ी की ज़बरदस्त केमिस्ट्री की एक झलक सामने आने के बाद से फैंस इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.