गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका अपनी पहली पारी में 284 रनों पर ऑलआउट हुई. श्रीलंका ने एक समय सिर्फ 90 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद सोनल दिनुशा 100 और निरोशन डिकवेला 80 ने छठे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला. भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे. वहीं श्रीलंका ने 284 रन बनाए हैं. इस तरह टीम इंडिया ने पहली पारी में 178 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है.
भारत के लिए युवा स्पिनर मानव सुथार ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके. वहीं अनुभवी रवींद्र जडेजा को तीन विकेट मिले. इसके अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली.
श्रीलंका की पारी खत्म होते ही बारिश होने लगी और फिर दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया. भारतीय स्पिनरों के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा और टीम ने 90 रन तक पांच विकेट गंवा दिये थे. सोनल दिनुशा ने शानदार शतकीय पारी खेली. उन्होंने 168 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए. अपने चौथे टेस्ट में करियर का पहला शतक जड़ने वाले दिनुशा ने छठे विकेट के लिए निरोशन डिकवेला (80) के साथ 146 रन की साझेदारी कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा. लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे निरोशन डिकवेला (80) ने 115 गेंद की पारी में सात चौके लगाये.
श्रीलंका की पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. निशान फर्नांडो बिना खाता खोले आउट हुए. इसके बाद दिनेश चांदीमल भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 4 रन बनाकर मानव सुथार का पहला शिकार बने. लाहिरू कुमारा ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन वह भी मानव की स्पिन गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए और 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वहीं, कामिंदु मेंडिस 14 रन बनाने के बाद कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए.
59 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की टीम मुश्किल में नजर आ रही थी. ऐसे में कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने सोनल दिनुशा के साथ पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 31 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं चल सकी. रवींद्र जडेजा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से श्रीलंका को एक और झटका दिया. उनकी बेहतरीन स्पिन गेंद को धनंजय डी सिल्वा समझ नहीं सके और केएल राहुल को कैच थमा बैठे.
पहले सेशन में 99 के स्कोर पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही श्रीलंकाई टीम ने दूसरे सेशन में शानदार वापसी की. सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला की जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पूरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया. दूसरे सेशन में श्रीलंकाई जोड़ी ने 29 ओवर के खेल में बिना कोई विकेट गंवाए कुल 116 रन जोड़े. टी-ब्रेक तक श्रीलंका ने पहली पारी में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 214 रन लगा लिए हैं. दिनुशा 115 गेंदों का सामना करने के बाद 62 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि डिकवेला 102 गेंदों में 71 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं. पहले सेशन में पूरी तरह से हावी नजर आए भारतीय गेंदबाज दूसरे सेशन में संघर्ष करते दिखाई दिए. इससे पहले दिन की शुरुआत में भारत की पहली पारी 462 रन पर सिमट गयी थी.
यह भी पढ़ें-
एशियन गेम्स के लिए अफगानिस्तान टीम का एलान, कप्तान का नाम चौंका देगा