वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रनों पर सिमट गई है. भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. जसप्रीत बुमराह ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले ही ओवर में टॉम लैथम का विकेट चटका दिया था. इसके बाद आए हेनरी निकोल्स एक छोर पर टिके रहे, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे. न्यूजीलैंड के 5 विकेट सिर्फ 70 के स्कोर पर गिर गए थे. फिर निकोल्स के साथ मिलकर ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभाला और टीम को मुश्किल स्थिति से उबारा. पहली पारी में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए.
न्यूजीलैंड की शुरुआत बहुत खराब हुई थी. पहले ही ओवर में कप्तान टॉम लैथम (0) आउट हो गए थे. उन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया. इसके बाद चौथे ओवर में दूसरे ओपनर डेवोन कॉनवे (4) भी चलते बने, जिन्हें अंशुल कंबोज ने अपना शिकार बनाया. हेनरी निकोल्स के साथ मिलकर रचिन रविंद्र ने टीम का स्कोर 50 पार पहुंचाया लेकिन ये जोड़ी भी जल्दी टूट गई.
70 पर गिर गए थे 5 विकेट
आकाश दीप ने रचिन रविंद्र (15) के रूप में न्यूजीलैंड का का तीसरा विकेट 51 के स्कोर पर गिराया. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने डेरिल मिशेल (1) और टॉम ब्लंडेल (5) को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. न्यूजीलैंड का 5वां विकेट 70 के स्कोर पर गिर गया था. हेनरी निकोल्स एक छोर पर जमे थे, न्यूजीलैंड पर भारी दबाव था. फिर सातवें नंबर पर आए ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभाला और पहले दिन और कोई विकेट नहीं गिरने दिया. पहले दिन हेनरी निकोल्स ने अपना शतक पूरा किया और ग्लेन फिलिप्स 94 पर नाबाद रहे.
फिलिप्स-निकोल्स के बीच 216 रनों की साझेदारी
आज पहले टेस्ट के दूसरे दिन ग्लेन फिलिप्स ने अपना शतक पूरा किया. वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में तीनों फॉर्मेट में शतक लगाया है. उन्होंने 216 गेंदों में 118 रन बनाए, इस पारी में 14 चौके लगाए. छठे विकेट के लिए हुई इस यादगार साझेदारी को आकाश दीप ने तोड़ा, उन्होंने फिलिप्स को बोल्ड किया. फिलिप्स और निकोल्स के बीच 216 रनों की साझेदारी हुई.
नेथन स्मिथ ने निकोल्स के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की, जिसे प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ा. उन्होंने नेथन को एलबीडबल्यू आउट किया. ये कृष्णा का इस पारी का एकमात्र विकेट था. इसके बाद काइल जैमीसन (11) को आकाश दीप और फिर जसप्रीत बुमराह ने मैट हैनरी (1) को एलबीडबल्यू आउट किया.
175 बनाकर नाबाद रहे निकोल्स
न्यूजीलैंड के 9 विकेट 348 के स्कोर पर गिर गए थे. 10वें विकेट के लिए जैकब डफी और हेनरी निकोल्स के बीच 20 रनों की साझेदारी हुई. पारी का आखिरी विकेट अंशुल कंबोज ने लिया, जिन्होंने जैकब डफी (4) को विकेट कीपर के हाथों कैच आउट कराया. हेनरी निकोल्स 175 रन बनाकर नाबाद रहे. इस पारी में उन्होंने 21 चौके लगाए.
कैसी रही भारतीय गेंदबाजी
जसप्रीत बुमराह ने शानदार शुरुआत दिलाई थी, अंशुल कंबोज और आकाश दीप ने भी पहले 5 में 1-1 विकेट लिया था. लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर ने निराश किया. पारी में जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए. 29 ओवरों में उन्होंने 92 रन दिए. आकाश दीप ने 23 ओवर में 53 रन देकर 3 विकेट चटकाए. अंशुल कंबोज ने 2 विकेट लिए, उन्होंने 23 ओवर में 69 रन दिए. प्रसिद्ध कृष्णा ने 26 ओवर में 100 रन देकर 1 विकेट लिया. वॉशिंगटन को कोई विकेट नहीं मिला, उन्होंने 20 ओवर में 45 रन दिए.
यह भी पढ़ें- टेम्बा बवुमा ने रचा इतिहास, सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले बने कप्तान; कई दिग्गज पीछे छूटे