संजीव गोयनका की टीम ने इतिहास रच दिया है. द हंड्रेड 2026 के फाइनल में मैंचेस्टर सुपर जायंट्स ने फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया. यह पहली बार है जब मैंचेस्टर की टीम ने द हंड्रेड का खिताब जीता है. फाइनल में टिम साइफर्ट ने आंधी मचा दी, उन्होंने 72 रनों की तूफानी पारी खेल अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई.
मैंचेस्टर सुपर जायंट्स टीम की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी RPSG ग्रुप के पास है, जिसके मालिक संजीव गोयनका हैं. हालांकि IPL में अब तक उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को सफलता हाथ नहीं लगी है.
द हंड्रेड का खिताब जीता
16 अगस्त को द हंड्रेड लीग 2026 का फाइनल खेला गया, जिसमें मैंचेस्टर सुपर जायंट्स की टक्कर ट्रेंट रॉकेट्स से हुई. फाइनल में रॉकेट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों में 158 रन बनाए थे. मैंचेस्टर की टीम लक्ष्य का पीछा करने आई तो टिम साइफर्ट ने 38 गेंद में 72 रनों की तूफानी पारी खेल एमएसजी की जीत की नींव रखी. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 7 छक्के लगाए. जोस बटलर और लयूस डी प्लॉय ने भी छोटी-छोटी पारी खेल बड़ा योगदान दिया.
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने तोड़ा गिलक्रिस्ट का महारिकॉर्ड, 1 छक्के से रचा नया इतिहास
पहली बार मैंचेस्टर बनी चैंपियन
वैसे तो यह पहला सीजन था जब संजीव गोयनका के मालिक बनने के बाद MSG मैदान पर उतरी थी. इस टीम को पहले मैंचेस्टर ऑरिजिनल्स के नाम से जाना जाता था, जिसने 2022 और 2023 में द हंड्रेड के फाइनल तक का सफर तय किया था. 2022 में उसे ट्रेंट रॉकेट्स और उससे अगले साल ओवल इन्विंसिबल्स के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. आखिरकार 6 सीजन में पहली बार मैंचेस्टर की मेंस टीम ने ट्रॉफी जीतने में सफलता पाई है.
संजीव गोयनका दुनिया की कई लीग में टीम मालिक बने हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में उनकी टीम डरबन सुपर जायंट्स एक बार की फाइनलिस्ट रही है, वहीं 2 साल तक IPL का हिस्सा रही राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स भी संजीव गोयनका की टीम थी. वह टीम आईपीएल 2027 में फाइनल तक पहुंची थी. वहीं इंडियन सुपर लीग में उनकी फ्रेंचाइजी मोहन बागान 2022-23 सीजन की चैंपियन रही है.
यह भी पढ़ें:
फाइनल हारी काव्या मारन की सनराइजर्स, जानें चैंपियन टीम को कितनी मिली प्राइज मनी