टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत की गिनती दुनिया के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों में होती है. अपने छोटे करियर में बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाने वाले ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन इतिहास रच सकते हैं. हालांकि, इसके लिए उन्हें दो छक्के लगाने होंगे. अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
100 छक्के लगाने वाले दुनिया के चौथे और भारत के पहले बल्लेबाज बनेंगे ऋषभ पंत
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले पंत के नाम टेस्ट क्रिकेट में 97 छक्के थे. गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन पंत के बल्ले से एक सिक्स निकला है. वह स्टम्प्स के समय 36 गेंद में 27 रनों पर नाबाद रहे. पंत ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया है. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 98 सिक्स हो गए हैं.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक सिर्फ तीन बल्लेबाजों ने ही 100 से ज्यादा छक्के लगाए हैं. अगर पंत रविवार को गॉल टेस्ट के दूसरे दिन दो छक्के लगाते हैं तो वह टेस्ट में 100 सिक्स लगाने वाले दुनिया के चौथे और भारत के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. पंत से पहले अब तक इंग्लैंड के बेन स्टोक्स, न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट यह कारनामा कर चुके हैं.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
पहले नंबर पर- बेन स्टोक्स- 138 छक्के
दूसरे नंबर पर- ब्रेंडन मैकुलम- 107 छक्के
तीसरे नंबर पर- एडम गिलक्रिस्ट- 100 छक्के
चौथे नंबर पर- ऋषभ पंत और टिम साउथी- 98 छक्के
ऋषभ पंत पहले ही टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के 91 सिक्स का रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की थी. अब पंत के पास श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 100 सिक्स पूरे करने का बेहतरीन मौका है. वह गॉल टेस्ट के दूसरे ही दिन यह कमाल कर सकते हैं.
भारत के नाम रहा गॉल टेस्ट का पहला दिन
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा. बारिश की वजह से पहले दिन सिर्फ 73 ओवर का खेल हो सका. इस दौरान टीम इंडिया ने दो विकेट खोकर 288 रन बनाए. स्टम्प्स के समय देवदत्त पडिक्कल 131 और ऋषभ पंत 27 रनों पर नाबाद लौटे. वहीं केएल राहुल 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट हुए. इससे पहले यशस्वी जायसवाल 37 गेंद में पांच चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए. वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे. कप्तान शुभमन गिल 28 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें प्रभात जयसूर्या ने आउट किया. श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफलता प्रभात जयसूर्या ने हासिल की, जिन्होंने 24 ओवरों में 77 रन देकर 1 विकेट निकाला है.
यह भी पढ़ें-
21वीं सदी में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय, देवदत्त पडिक्कल का पहले टेस्ट में कमाल