22000 करोड़ के घाटे में एयर इंडिया, इसका कारण भी पाकिस्तान है!

288149f7e8d742655c316ef2699349ec17951909382081346 original


देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी में से एक एयर इंडिया फिलहाल काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है. टाटा ग्रुप की इस एयरलाइन कंपनी को वित्त वर्ष 2025-26 में 22,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का घाटा हुआ है. कंपनी की इस हालत के पीछे ATF की लगातार बढ़ती कीमतें वजह हैं. इसके अलावा कुछ हद तक इसके लिए पाकिस्तान को भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.

दरअसल डेढ़ साल पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के एयरस्पेस के इस्तेमाल पर पाबंदियां लगा दी गई थीं. जिस वजह से एयरलाइन का खर्च बढ़ गया है और लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है.

टाटा ग्रुप में शुरू किया रिव्यू
लगातार बढ़ते घाटे को देखते हुए टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया के कामकाज और खर्चों का रिव्यू शुरू कर दिया है. 20 नवंबर को एयर इंडिया के बोर्ड की बैठक हुई. इसमें कंपनी के खर्च कम करने, कामकाज को बेहतर बनाने और एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ तालमेल बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.

क्यों बढ़ा खर्च?
एयर इंडिया के सामने इस समय कई चुनौतियां हैं. सबसे बड़ी समस्या विमान में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की बढ़ती कीमतें हैं. ईंधन महंगा होने से विमानों को उड़ाने का खर्च बढ़ गया है. इसके अलावा पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भारतीय विमानों के लिए पाबंदी लगा रखी है. ऐसे में एयर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दूसरे रास्तों से जाना पड़ता है. इससे उड़ान का समय और ईंधन का खर्च दोनों बढ़ जाते हैं.

घाटा कम करने की तकनीक
एयरलाइंस का घाटा कम करने के लिए कंपनी एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर विचार कर रही है. दोनों कंपनियों के कुछ कामकाज को एक साथ जोड़कर खर्च कम करने की कोशिश की जा सकती है. 

एयर इंडिया के नए CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर टेवोल्डे गेब्रेमरियम 1 अक्टूबर से पद संभाल रहे हैं. उनका फोकस कंपनी का खर्च घटाने और कामकाज को ज्यादा प्रभावी बनाने पर है. इसके लिए कंपनी ने एक स्पेशल टीम भी बनाई है, जो खर्च कम करने के तरीके तलाश रही है.

टाटा ग्रुप के बोर्ड ने भी किया रिव्यू
एयर इंडिया की आर्थिक स्थिति को देखते हुए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, नोएल टाटा और बोर्ड के अन्य सदस्यों ने 19 नवंबर को गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया के मुख्यालय का दौरा किया. उन्होंने कंपनी के कामकाज, ट्रेनिंग एकेडमी और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर का जायजा लिया. इस दौरान एयर इंडिया के CEO ने बोर्ड के सामने कंपनी के प्रदर्शन और आगे की योजनाओं की जानकारी दी.

बता दें कि कंपनी की प्लानिंग अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार को मजबूत करने, विदेशों में बाजार हिस्सेदारी वापस हासिल करने और खर्च कम करने की है. साथ ही बड़े आकार वाले विमानों के इस्तेमाल और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विस्तार पर भी ध्यान दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: Anthropic IPO: भारतीय मूल के CFO कृष्णा राव की चमकी किस्मत, अरबपति बने



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *