सोना-चांदी खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए कीमतों में गिरावट जारी है. शनिवार को बाजार में सोना एक ही दिन में 5,200 रुपए सस्ता हो गया. वहीं चांदी की कीमत भी 4,000 रुपए गिर गई. सोने का भाव अब 1.30 लाख रुपए से नीचे आ चुका है. चांदी भी 1.60 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर से फिसल गई है.
21 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 5,200 रुपए टूटकर 1,29,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. इससे पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,34,500 रुपए था. वहीं चांदी 4,000 रुपए गिरकर 1,58,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है. शुक्रवार को इसका भाव 1,62,000 रुपए प्रति किलो था.
9 दिन में कितना सस्ता हुआ सोना?
सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार 9 कारोबारी सत्रों से जारी है. 9 नवंबर को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 1,46,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था. अब ये घटकर 1,29,300 रुपए पर आ गया है. यानी इन नौ कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत 17,600 रुपए या करीब 12 फीसदी कम हो चुकी है.
सोने का मौजूदा भाव नवंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है. इस साल जनवरी के आखिर में सोना करीब 1.83 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था. वहां से अब तक इसकी कीमत 53,700 रुपए यानी करीब 29.3 फीसदी गिर चुकी है.
चांदी में कितनी आई गिरावट?
चांदी की कीमतों में गिरावट का असर और ज्यादा दिखाई दे रहा है. शनिवार को एक किलो चांदी का भाव 1.58 लाख रुपए रह गया है. 5 नवंबर को चांदी 1,94,500 रुपए प्रति किलो पर थी. इस हिसाब से करीब 16 दिनों में इसकी कीमत 36,500 रुपए यानी लगभग 19 फीसदी कम हो चुकी है.
इस साल 29 जनवरी को चांदी 4.04 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. अब तक चांदी करीब 2.46 लाख रुपए यानी 61 फीसदी सस्ती हो चुकी है.
सोना-चांदी क्यों लगातार टूट रहे हैं?
कीमती धातुओं में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बन रहे हालात बड़ी वजह हैं. अमेरिकी डॉलर मजबूत बना हुआ है और वहां सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न भी बढ़ा है. इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका ने सोने और चांदी पर दबाव बढ़ाया है. दरअसल, सोना और चांदी अपने निवेशकों को ब्याज नहीं देते हैं. ऐसे में जब बॉन्ड जैसे दूसरे निवेश पर बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद होती है तो कुछ निवेशक कीमती धातुओं से पैसा निकालने लगते हैं. इससे बाजार में बिकवाली बढ़ती है और कीमतें नीचे आने लगती हैं.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में आई मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की गिरावट को और तेज किया है. वहीं, निवेशकों की नजर अब 9 दिसंबर को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर है. ब्याज दरों को लेकर कोई बड़ा फैसला बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव ला सकता है.
आज 21 नवंबर को बैंक खुले हैं या बंद हैं? जानें RBI का नियम