How Stress Increases Blood Pressure: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव इतना आम हो चुका है कि लोग इसे अपनी रूटीन का हिस्सा मानने लगे हैं. कभी हाई ब्लड प्रेशर को बढ़ती उम्र की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब डॉक्टर 20-30 साल के युवाओं, ऑफिस कर्मचारियों, छात्रों और जिम्मेदारियों में उलझे माता-पिता में भी इसे तेजी से बढ़ते हुए देख रहे हैं. बाहर से फिट दिखने वाले लोग भी अंदर ही अंदर लगातार तनाव का असर झेल रहे हैं, और इसका सबसे बड़ा प्रभाव दिल पर पड़ता है.
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक हाई ब्लड प्रेशर अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है. वहीं यूएस के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार तनाव के दौरान शरीर फाइट ऑर फ्लाइट मोड में चला जाता है, जिससे हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर दोनों बढ़ जाते हैंय
तनाव के दौरान शरीर में क्या होता है?
मार्गा माइंड केयर के कंसल्टेंट एडल्ट साइकाइट्रिस्ट एंड सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. मौर्यदीप घटक बताते हैं कि “जब इंसान तनाव महसूस करता है, तो शरीर कोर्टिसोल हार्मोन रिलीज करता है. इससे हार्ट की धड़कन तेज होती है और ब्लड वेसल्स सिकुड़ने लगती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है.” उनका कहना है कि शरीर मानसिक और शारीरिक तनाव में फर्क नहीं कर पाता. यानी व्यक्ति भले ही ऑफिस की कुर्सी पर बैठा हो, लेकिन शरीर उसी तरह प्रतिक्रिया देता है जैसे वह किसी खतरे से भाग रहा हो.
मेंटल तनाव का क्या होता है असर?
समस्या तब बढ़ती है जब तनाव कुछ मिनटों या घंटों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लगातार बना रहता है. देर रात तक काम करना, मोबाइल नोटिफिकेशन, ट्रैफिक, आर्थिक दबाव और निजी जिंदगी की परेशानियां दिमाग को हमेशा अलर्ट मोड में रखती हैं. यूएस के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ में प्रकाशित एक रिसर्च रिव्यू के अनुसार लंबे समय तक रहने वाला मानसिक तनाव धीरे-धीरे स्थायी हाई ब्लड प्रेशर का कारण बन सकता है.
हमारी नींद पर क्या होता है असर?
तनाव का सबसे बड़ा असर नींद पर पड़ता है. डॉ. मौर्यदीप घटक कहते हैं कि नींद के दौरान दिल और ब्लड वेसल्स दिनभर की थकान से रिकवर करते हैं. सामान्य तौर पर सोते समय ब्लड प्रेशर कम हो जाता है, जिससे दिल को आराम मिलता है. लेकिन लगातार तनाव की वजह से यह प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है. देर रात तक मोबाइल और लैपटॉप इस्तेमाल करने से मेलाटोनिन हार्मोन कम बनने लगता है, जिससे नींद खराब होती है.
इसे भी पढ़ें- कोरोना का खौफनाक सच! जितनी बताई गई उससे तिगुनी ज्यादा हुई थीं मौतें, WHO के आंकड़ों ने चौंकाया
लाइफस्टाइल का क्या होता है असर?
इसके अलावा तनाव इंसान की आदतों को भी बदल देता है. लोग एक्सरसाइज छोड़ने लगते हैं, जंक फूड ज्यादा खाने लगते हैं, धूम्रपान और शराब की आदत बढ़ जाती है. डॉ. मौर्यदीप के मुताबिक ये सभी चीजें हाई ब्लड प्रेशर का खतरा और बढ़ा देती हैं. सबसे खतरनाक बात यह है कि हाई ब्लड प्रेशर धीरे-धीरे बढ़ता है और अक्सर तब तक पता नहीं चलता जब तक शरीर पर इसका गंभीर असर दिखने न लगे.
क्या हमारे हार्ट हेल्थ पर होता है असर?
अब डॉक्टर तनाव को सिर्फ मेंटल समस्या नहीं, बल्कि हार्ट हेल्थ से जुड़ा बड़ा खतरा मान रहे हैं. नियमित व्यायाम, अच्छी नींद, स्क्रीन टाइम कम करना और काम व निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाना ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद कर सकता है. डॉ. का मानना है कि बढ़ते तनाव के दौर में इसके असर को समय रहते समझना बेहद जरूरी हो गया है.
इसे भी पढ़ें – Gestational Diabetes Risk: प्रेग्नेंसी के बाद डायबिटीज खत्म, पर ये लक्षण बना देंगे हार्ट-थायरॉयड का मरीज, न करें इग्नोर
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator