उनका नाम ‘सिराज’ है, इसीलिए टीम में जगह नहीं मिली- इमरान मसूद का तंज

35dcea36c3b0dc0630acdf662d0e548417951610938341212 original


कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 से बाहर रखे जाने पर सवाल उठाते हुए धर्म की वजह से भेदभाव करने का आरोप लगाया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘नाम सिराज है, यही क्या कम है?’ बता दें कि सिराज को नहीं खिलाए जाने पर क्रिकेट जगत भी हैरान है. वसीम जाफर, आकाश चोपड़ा, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री जैसे दिग्गजों ने भी इसको लेकर सवाल उठाया.

एएनआई से बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा, “कहा जा रहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम सिराज है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली. अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी उन्हें नहीं चुना जा रहा है, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है.”

मोहम्मद सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 11 मैचों में खेली 21 पारियों में 43 विकेट लिए हैं. वह पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर पांचों टेस्ट खेलने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज थे. दिग्गजों को भी हैरानी हुई जब वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्हें नहीं खिलाया गया.

रवि शास्त्री ने सिराज को नहीं खिलाए जाने पर सवाल उठाते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “अगर पैमाना गति, कौशल और सीम मूवमेंट हो, और 140 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल करना मुश्किल हो, तो यह सवाल तो बनता ही है. मोहम्मद सिराज कहां थे? अनुभव, आक्रामकता और गेंद से कुछ खास कर दिखाने की क्षमता. इन बातों की भी तो कुछ अहमियत होती है!”

वेलिंगटन टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी के चलते टीम ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट महज 70 के स्कोर पर गिरा दिए थे. आकाश दीप और अंशुल कंबोज को भी 1-1 विकेट मिला, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर पाए.

हालांकि पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कृष्णा का बचाव करते हुए कहा था कि वह अटैकिंग गेंदबाज हैं और रन दे सकते हैं. सिराज को प्लेइंग 11 से बाहर रखे जाने पर कोच ने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि सिराज को बाहर बैठाना गलत फैसला है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *