आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ बात करने का जरिया नहीं रह गया है. पढ़ाई, ऑफिस का काम, ऑनलाइन पेमेंट और मनोरंजन तक के लिए लोग इस पर डिपेंडेंट हैं. यही वजह है कि नया फोन खरीदने के लिए लोग अब अपनी जेब से पूरे रैसे देने के बजाय लोन और EMI का सहारा ले रहे हैं. दिवाली के दौरान सामने आए आंकड़े बताते हैं कि भारत में कंज्यूमर लोन लेकर सामान खरीदने वालों में सबसे ज्यादा मांग मोबाइल फोन की रही.
लेंडिंग टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म Lentra के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली 2026 के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के लिए आए हर 100 आवेदनों में से 74 मोबाइल फोन खरीदने के लिए थे. यानी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और दूसरे घरेलू सामानों के मुकाबले फोन खरीदने के लिए सबसे ज्यादा लोग लोन लेना चाहते थे. इस दौरान पिछले साल के मुकाबले कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के आवेदनों में 22% की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई.
कौन ले रहा है सबसे ज्यादा लोन?
रिपोर्ट में उम्र के हिसाब से भी दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के लिए आवेदन करने वालों में करीब 62% लोग 35 साल से कम उम्र के थे. इनमें 22 से 35 साल के लोगों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. खास बात ये है कि 22 से 25 साल की उम्र के पुरुष मोबाइल फोन खरीदने के लिए लोन लेने वालों में शामिल रहे हैं.
इसकी एक वजह ये भी हो सकती है कि इस उम्र में पढ़ाई और नौकरी की शुरुआत के साथ लोग नया स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं, लेकिन हर बार एक साथ 20-30 हजार रुपए या इससे ज्यादा खर्च करना आसान नहीं होता है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन की औसत रकम करीब 28,000 रुपए रही है. मतलब लोग अब सिर्फ महंगे स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक घरेलू सामानों के लिए भी कर्ज का सहारा ले रहे हैं.
छोटे शहरों में बढ़ रहा EMI का चलन
फोन खरीदने के लिए लोन लेने का चलन अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. Lentra के आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 9 नवंबर 2026 के बीच आए कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन आवेदनों में ग्रामीण इलाकों की हिस्सेदारी 58% रही. वहीं शहरी इलाकों से 42% आवेदन आए हैं.
इसका मतलब है कि छोटे शहरों और गांवों में भी लोग अब मोबाइल, टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी चीजें खरीदने के लिए फाइनेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं.
किस राज्य में है सबसे ज्यादा मांग?
राज्यों के आंकड़ों पर नजर डालें तो गुजरात और राजस्थान में मोबाइल फोन खरीदने के लिए लोन की मांग सबसे ज्यादा रही है. गुजरात में कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के कुल आवेदनों में 86% मोबाइल फोन के लिए थे. वहीं राजस्थान में ये आंकड़ा 82% रहा. दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के राज्यों में LED टीवी खरीदने के लिए लोन की मांग ज्यादा दिखी.
तेलंगाना में टोटल आवेदनों में 13.6% और तमिलनाडु में 12.4% आवेदन LED टीवी के लिए थे. पश्चिम बंगाल में फ्रिज के लिए लोन आवेदनों की हिस्सेदारी 6.8% रही, जबकि कर्नाटक में ये 6.6% थी. उत्तर भारत में भी वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए फाइनेंस की मांग ज्यादा रही है. पंजाब में कुल कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन आवेदनों में 15% वॉशिंग मशीन के लिए थे. हरियाणा में ये हिस्सेदारी 8.3% और दिल्ली में 6% रही.
आज 21 नवंबर को बैंक खुले हैं या बंद हैं? जानें RBI का नियम