बदलते मौसम, मानसून की नमी और लंबे समय तक अलमारी बंद रहने के कारण अक्सर कपड़ों से अजीब सी सीलन और दुर्गंध आने लगती है. कई बार अच्छी तरह धोकर सुखाए गए कपड़ों को भी जब हम अलमारी से निकालते हैं, तो उनमें से ऐसी बदबू आती है कि उन्हें दोबारा पहनना मुश्किल हो जाता है.
महंगे परफ्यूम या सेंट छिड़कने के बाद भी यह बदबू पूरी तरह खत्म नहीं होती, बल्कि कपड़ों की महक को और ज्यादा बिगाड़ देती है. अगर आप भी अपनी वॉर्डरोब या कपड़ों की अलमारी की इस जिद्दी बदबू से परेशान हैं, तो आज हम आपको 5 ऐसे आसान और असरदार घरेलू जुगाड़ बताने जा रहे हैं, जो बिना किसी खर्च के आपकी अलमारी को बिल्कुल फ्रेश और खुशबूदार बना देंगे.
बेकिंग सोडा सोख लेगा सारी सीलन और बदबू
बेकिंग सोडा में हवा में मौजूद नमी और हर तरह की खराब गंध को अपने भीतर सोखने की प्राकृतिक क्षमता होती है. इसके इस्तेमाल के लिए आपको बस एक छोटे कांच के कबाड़े या प्लास्टिक के डिब्बे में दो से तीन चम्मच बेकिंग सोडा भरना है. अब इस डिब्बे को बिना ढक्कन के अलमारी के किसी भी एक कोने में सुरक्षित रख दें. यह अलमारी के अंदर की सारी उमस और सीलन को खींच लेगा, जिससे केवल दो दिनों के भीतर बदबू पूरी तरह गायब हो जाएगी.
कॉफी पाउडर का अनोखा और खुशबूदार फॉर्मूला
कॉफी की तेज और सोंधी महक किसी भी तरह की दुर्गंध को तुरंत दबा देती है. इसके लिए एक सूती के साफ कपड़े या मोज़े में दो चम्मच ताजा कॉफी पाउडर या कॉफी बीन्स डालें और उसकी एक छोटी सी पोटली बना लें. इस पोटली को अलमारी में कपड़ों के बीच या हैंगर के पास लटका दें। यह जुगाड़ अलमारी के बंद माहौल को पूरी तरह तरोताजा बनाए रखता है.
अखबार और चॉक का जादुई कॉम्बिनेशन
अलमारी के शेल्फ पर कपड़े रखने से पहले नीचे अखबार की एक दो परतें बिछा दें, क्योंकि अखबार का कागज नमी को बहुत तेजी से सोखता है. इसके साथ ही, चार-पांच चॉक के टुकड़ों को एक पतले कपड़े में बांधकर अलमारी में रख दें. चॉक हवा में मौजूद एक्स्ट्रा पानी को सोख लेती है, जिससे कपड़ों में फंगस या फफूंद लगने का खतरा बिल्कुल खत्म हो जाता है.
यह भी पढ़ें: खांसते-छींकते ही पेशाब निकल जाती है, जानें किस बीमारी हैं पीड़ित?
लौंग और दालचीनी की प्राकृतिक खुशबू
अलमारी की सीलन वाली बदबू को दूर करने के लिए सूती कपड़े में 8 से 10 लौंग और दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा बांधकर रख दें. इन मसालों की प्राकृतिक और तेज महक कपड़ों से आने वाली बेसक को पूरी तरह खत्म कर देती है. साथ ही, इनकी एंटी-बैक्टीरियल खूबियों के कारण अलमारी के कोनों में कीड़े या कीड़े-मकोड़े भी नहीं पनपते.
सफेद सिरका करेगा बैक्टीरिया का सफाया
इसके इस्तेमाल के लिए आधा कप पानी में दो चम्मच सफेद सिरका मिलाएं और इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भर लें. अब अलमारी के सारे कपड़े बाहर निकालकर खाली शेल्फ पर इस लिक्विड का हल्का स्प्रे करें और फिर एक सूखे साफ सूती कपड़े से पूरी अलमारी को अच्छी तरह पोंछ लें. इसके बाद अलमारी को करीब आधे घंटे के लिए खुला छोड़ दें ताकि वह पूरी तरह सूख जाए. सिरके का एसिड बैक्टीरिया को खत्म कर देगा और सूखने के बाद इसकी अपनी महक भी उड़ जाएगी.
यह भी पढ़ें: दीवार पर कैलेंडर या पोस्टर लगाने से पेंट उखड़ जाता है? ऐसे बचाएं दीवार